अमित शाह ने रायपुर में NFSU की रखी आधारशिला, नवा रायपुर को मिली नई पहचान

गृह मंत्री अमित शाह

Home minister Amit shah (रायपुर): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर में राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) परिसर और केंद्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला की आधारशिला रखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अन्य वरिष्ठ मंत्रीगण व अधिकारी मौजूद रहे।

इस कार्यक्रम से पहले शाह दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे, जहां उनका राज्य सरकार द्वारा हवाई अड्डे पर स्वागत किया गया। यह दौरा राज्य की सुरक्षा, नक्सल उन्मूलन और वैज्ञानिक अधोसंरचना के विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

क्या है खासियत एनएफएसयू परिसर की

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने एनएफएसयू परिसर के लिए 40 एकड़ भूमि आवंटित की है। यह परियोजना करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से केंद्र सरकार द्वारा विकसित की जाएगी। परिसर में आधुनिक प्रयोगशालाएं, शिक्षण भवन, अनुसंधान केंद्र और छात्रावास जैसी सुविधाएं होंगीएनएफएसयू की यह शाखा देश में न्यायिक और फोरेंसिक साइंस शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी होगी। इसके माध्यम से राज्य और आसपास के क्षेत्रों में अपराध जांच को वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर तेज किया जा सकेगा।

न्यायालयिक प्रयोगशाला से जांच में तेजी

परिसर के समीप ही लगभग 6–7 एकड़ भूमि पर एक आधुनिक केंद्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (Forensic Science Lab) भी स्थापित की जाएगी। इससे राज्य में अपराधों की वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया को गति मिलेगी और न्याय प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सकेगी। गृह मंत्री शाह ने कहा कि इस संस्थान की स्थापना से देश में फोरेंसिक जांच को और मज़बूती मिलेगी और यह आधुनिक भारत की न्याय प्रणाली को नई दिशा देगा।

नक्सल हमले में शहीद अधिकारी के परिजनों से भेंट

अपने दौरे के दौरान अमित शाह ने हाल ही में सुकमा ज़िले में नक्सली विस्फोट में शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरपुंजे के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि देश उनकी शहादत को कभी नहीं भूलेगा। 9 जून को सुकमा जिले में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी विस्फोट में गिरपुंजे शहीद हो गए थे। उनके बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर श्रद्धांजलि दी गई थी।

सुरक्षा और विकास पर उच्चस्तरीय बैठ

गृह मंत्री शाह रविवार शाम को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक व सुरक्षा अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल उन्मूलन अभियानों की समीक्षा और भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी। बैठक को राज्य की सुरक्षा नीति के अगले चरण के लिए अहम माना जा रहा है।

नारायणपुर में जवानों से करेंगे संवाद

अमित शाह सोमवार यानी 23 जून को नारायणपुर जिले का दौरा करेंगे। वे वहां सुरक्षा बलों के जवानों से संवाद करेंगे और नक्सल प्रभावित गांवों में जाकर आम नागरिकों से बातचीत करेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और प्रभाव का भी आकलन करेंगे।

एनएफएसयू और फॉरेंसिक लैब की स्थापना छत्तीसगढ़ को न केवल एक शैक्षणिक और वैज्ञानिक पहचान देगी, बल्कि यह राज्य की कानून-व्यवस्था और न्यायिक व्यवस्था को भी तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगी। साथ ही अमित शाह का नक्सल क्षेत्रों का दौरा यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *