Iran Israel War: (तेल-अवीव): इज़रायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच, इज़रायली वायुसेना ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ईरान की कुद्स फोर्स के एक शीर्ष कमांडर को मार गिराया है। मारा गया कमांडर बेहनाम शहरियारी, कुद्स फोर्स की हथियार आपूर्ति इकाई का प्रमुख था और वह वर्षों से क्षेत्र में आतंकवादी नेटवर्क को मजबूत करने में लगा हुआ था। इज़रायली रक्षा बल (IDF) ने पुष्टि की है कि शहरियारी को एक सटीक हवाई हमले में निशाना बनाया गया।
पश्चिमी ईरान में कार चलाते समय मारा गया
IDF के अनुसार, यह हमला उस वक्त किया गया जब शहरियारी पश्चिमी ईरान में अपनी कार से यात्रा कर रहा था। यह इलाका इज़रायली सीमा से लगभग 1,000 किलोमीटर दूर स्थित है। उसकी मौत कुद्स फोर्स के लिए एक बड़ा झटका है, विशेष रूप से ऐसे समय में जब वे हालिया युद्ध में हुए नुकसान के बाद खुद को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।
हथियारों की आपूर्ति और आतंकी गुटों से गहरे संबंध
बेहनाम शहरियारी लंबे समय से हिज़्बुल्ला, हमास और हूती जैसे आतंकी संगठनों के साथ काम कर रहा था। वह मिसाइलों, रॉकेटों और अन्य हथियारों की आपूर्ति की जिम्मेदारी संभालता था, जिनका इस्तेमाल इज़रायल के खिलाफ हमलों में किया गया। उसके नेटवर्क ने मध्य पूर्व में ईरान के प्रभाव को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
पैसे का नेटवर्क भी संभालता था
हथियारों के अलावा, शहरियारी आतंकी संगठनों को फंडिंग भी मुहैया कराता था। उसने तुर्की और लेबनान में शेल कंपनियों, मनी चेंजरों और तस्करों के जरिए करोड़ों डॉलर की रकम इन संगठनों तक पहुंचाई। यह रकम आतंकवादी गतिविधियों, हथियारों की खरीद और भर्ती अभियानों में इस्तेमाल की जाती थी। उसकी इस भूमिका से इज़रायल को भारी जान-माल की क्षति हुई है।

एक ही दिन में दो ईरानी कमांडर ढेर
इज़रायली कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। उसी दिन इज़रायली सुरक्षा बलों ने एक और ईरानी कमांडर सईद इज़ादी को भी निशाना बनाया। इज़ादी, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) की कुद्स फोर्स की फिलिस्तीनी डिवीजन का प्रमुख था। उसे क़ुम शहर में एक अपार्टमेंट पर किए गए हमले में मार गिराया गया।
इज़रायली रक्षा मंत्री की प्रतिक्रिया
इज़रायल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने कहा सईद इज़ादी ने 7 अक्तूबर 2023 के हमले से पहले हमास को धन और हथियार मुहैया कराए थे। यह कार्रवाई मारे गए इज़रायली नागरिकों और बंधकों के लिए न्याय है। हमारी लंबी बांह हर दुश्मन तक पहुंचेगी।