CM Rekha Gupta big announcement: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में झुग्गी बस्तियों के पुनर्विकास के लिए उनकी सरकार मुंबई के धारावी मॉडल का अध्ययन करने पर विचार कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का उद्देश्य झुग्गियों को गिराना नहीं है, बल्कि झुग्गीवासियों को बेहतर और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है।
झुग्गी हटाने को लेकर झूठे अफवाहों पर दी प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री गुप्ता ने झुग्गी हटाने को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह दुष्प्रचार कर रहे हैं कि सरकार झुग्गियां जबरन हटा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया, “अगर आप रेलवे लाइन के पास घर बनाते हैं तो मुख्यमंत्री आपको नहीं बचा पाएगी। सुरक्षा के लिहाज से हमें सतर्क रहना होगा। अगर किसी की जान जाती है, तो जिम्मेदारी किसकी होगी?”
सरकार का मकसद है पुनर्विकास न कि घर गिराना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का इरादा किसी के मकान को गिराने का नहीं है, लेकिन यह भी स्वीकार्य नहीं है कि सरकार बार-बार मकान मुहैया कराए और लोग झुग्गियों को छोड़ने को तैयार न हों। उन्होंने कहा, “हमारा मकसद लोगों को सम्मानजनक आवास देना है। लेकिन लोग भी इस व्यवस्था का सम्मान करें और झुग्गियों को स्थायी समाधान के रूप में न देखें।”
675 झुग्गी बस्तियों के पुनर्विकास की योजना
सीएम गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में करीब 675 झुग्गी बस्तियों के पुनर्विकास की योजना बनाई जा रही है, और इसके लिए मुंबई के धारावी मॉडल को एक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि धारावी का पुनर्विकास कार्य अदाणी समूह और महाराष्ट्र सरकार के संयुक्त उद्यम द्वारा किया जा रहा है, और दिल्ली सरकार इस परियोजना की रणनीति का अध्ययन कर उसे यहां लागू कर सकती है।
पूर्व डिप्टी सीएम सिसोदिया पर साधा निशाना
जब मुख्यमंत्री से दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) द्वारा भेजे गए समन के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने तीखा जवाब देते हुए कहा हर किसी को अपने किए का फल भुगतना पड़ेगा। अरविंद केजरीवाल को भी अब पंजाब से लौटना होगा। हमें भगोड़े नेता नहीं चाहिए। गौरतलब है कि सिसोदिया को दिल्ली में कक्षा निर्माण से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था, और शुक्रवार को वह ACB के सामने पेश भी हुए।
पुनर्विकास और पारदर्शिता
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा उनकी सरकार एक ओर जहां झुग्गीवासियों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए योजनाएं बना रही है, वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचार और गैर-जिम्मेदाराना राजनीति के खिलाफ भी सख्त रुख अपना रही है।