Manohar Khattar big statement:(श्रीनगर): केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को श्रीनगर में एक अहम खुलासा करते हुए बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की ऊर्जा अवसंरचना को निशाना बनाकर किए गए करीब दो लाख साइबर हमलों को पूरी तरह विफल कर दिया गया। उन्होंने यह जानकारी भाजपा-नीत केंद्र सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा करते हुए दी। उन्होने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के आरंभ के करीब आठ से दस दिनों के भीतर ही इन हमलों की श्रृंखला शुरू हुई थी। हमारी ऊर्जा प्रणाली को कमजोर करने का प्रयास किया गया, लेकिन हमारी साइबर सुरक्षा इकाइयों ने एक भी हमला सफल नहीं होने दिया,” उन्होंने कहा।
नए युग के नए खतरे
मनोहर लाल ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर हमले एक गंभीर चुनौती के रूप में उभरे हैं। उन्होंने कहा प्रौद्योगिकी के विकास ने जहां कई अवसर दिए हैं, वहीं साइबर हमलों जैसे नए खतरे भी सामने आए हैं। इनमें तेजी से वृद्धि हो रही है, लेकिन भारत सरकार ने समय रहते इस दिशा में काम किया और आज हमारी साइबर सुरक्षा प्रणाली बेहद मजबूत है। एक सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह कहना कठिन है कि ये हमले भारत के भीतर से किए गए या विदेश से, क्योंकि साइबर अटैक किसी भी कोने से हो सकते हैं। उन्होंने कहा, “पूरी दुनिया जानती है कि भारत को अस्थिर करने की कोशिशें की जाती हैं, लेकिन हमारी तैयारियों ने उन्हें नाकाम कर दिया है।”
हमलावरों को मिल रही है नाकामी
उन्होंने आगे कहा, “जब कोई बार-बार विफल होता है तो वह अंततः प्रयास करना बंद कर देता है। यही रणनीति हमारी टीम ने अपनाई हैहर बार हमलावरों को रोककर उन्हें निराश करना।”
ऊर्जा विभाग रहा प्रमुख लक्ष्य
मंत्री के अनुसार, इन हमलों का मुख्य लक्ष्य भारत की ऊर्जा अवसंरचना थी, जिसमें पावर ग्रिड, वितरण प्रणाली, और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल नेटवर्क शामिल थे। उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा को खतरे में डालने की बड़ी साजिश को सरकार की तकनीकी तत्परता ने विफल कर दिया। मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार साइबर सुरक्षा क्षमताओं को बढ़ा रही है और ऊर्जा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि साइबर सुरक्षा में भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए नए टूल्स और टैलेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू किए गए हैं। भारत द्वारा दो लाख साइबर हमलों को विफल करना देश की साइबर सुरक्षा क्षमताओं का प्रमाण है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान यह सफलता देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए एक बड़ी जीत मानी जा रही है। केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी भारत ऐसे सभी हमलों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।