Ahmedabad plane crash: 204 लोगों की दर्दनाक मौत, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और PM मोदी ने जताया शोक

Ahmedabad plane crash:

Ahmedabad plane crash: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और PM मोदी ने अहमदाबाद में हुए प्लेन हादसे को भयानक त्रासदी बताया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अहमदाबाद में गुरुवार को हुए भयावह विमान हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने इस त्रासदी को अत्यंत दुखद बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने भी इसे हृदय विदारक त्रासदी बताया। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर ने इस बड़े प्लेन हादसे में 204 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है। जबकि अन्य लोगों के बारे में अपडेट आना बाकी है। इस प्लेन में 242 लोग सवार थे।

पीएम मोदी ने कहा-शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता ये हादसा

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, “मेरी संवेदनाएं एवं प्रार्थना प्रभावित लोगों के साथ हैं। यह एक हृदय विदारक हादसा है। राष्ट्र इस अपार दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए इसे “हृदय विदारक त्रासदी” बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना इतनी पीड़ादायक है कि उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि वे इस हादसे से स्तब्ध और बेहद दुखी हैं।

पीड़ितों के लिए संवेदना राहत कार्यों की निगरानी

प्रधानमंत्री ने अपने बयान में कहा, मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि वे राहत कार्यों में जुटे मंत्रियों और अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और हालात की निगरानी कर रहे हैं।

ऐसे हुआ हादसा

यह हादसा गुरुवार दोपहर उस समय हुआ जब एयर इंडिया की लंदन-गैटविक जा रही उड़ान संख्या AI-171 ने अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। कुछ ही क्षण बाद विमान मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 10 चालक दल के सदस्य शामिल थे। प्रारंभिक रिपोर्टों में 204 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी गई है। जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

आपातकालीन सेवाएं जुटीं राहत में

घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल और अन्य नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। राहत व बचाव कार्य तेजी से चल रहे हैं और मौके पर उच्च स्तर के अधिकारी मौजूद हैं।

पीएम मोदी लगातार ले रहे अपडेट

प्रधानमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री मोदी हादसे की जानकारी मिलने के बाद से ही पल-पल की अपडेट ले रहे हैं और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ितों को हरसंभव मदद तुरंत प्रदान की जाए। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि जितने ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके, उतनी तेजी से काम हो।

गहरे शोक में डूबा देश

इस विमान दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। इस भयानक हादसे के दर्द से पूरा देश गहरे शोक में डूब गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *