स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की तैयारी, पीड़ितों की पहचान के लिए होगा डीएनए परीक्षण

अहमदाबाद प्लेन हादसा

Ahmedabad plane crash update: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 के भयावह हादसे के बाद राज्य स्वास्थ्य विभाग ने घोषणा की है कि मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। यह हादसा तब हुआ जब लंदन के लिए उड़ान भर रहा विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद मेघाणी नगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकतर शवों की पहचान करना बेहद कठिन हो गया है।

ऐसे होगी शवों की पहचान

गुजरात स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव धनंजय द्विवेदी ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल ने डीएनए सैंपल एकत्र करने की व्यवस्था की है। पीड़ितों के माता-पिता, संतान या नजदीकी रिश्तेदार बीजे मेडिकल कॉलेज के कसोटी भवन में अपने डीएनए सैंपल दे सकेंगे। हादसा इतना भीषण था कि कई शवों की पहचान कर पाना सामान्य तरीकों से संभव नहीं हो पा रहा है। इसे देखते हुए गुजरात स्वास्थ्य विभाग ने अहमदाबाद सिविल अस्पताल स्थित बी.जे. मेडिकल कॉलेज के कसोटी भवन में डीएनए सैंपल एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू की है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव धनंजय द्विवेदी ने बताया पीड़ितों की पहचान के लिए उनके माता-पिता, संतान या अन्य करीबी रिश्तेदारों से डीएनए सैंपल लिए जाएंगे। इससे मृतकों की शिनाख्त वैज्ञानिक तरीके से की जा सकेगी।

मेडिकल स्टाफ और छात्रों के क्वार्टर पर गिरा विमान

धनंजय द्विवेदी ने बताया कि विमान का मलबा सिविल अस्पताल परिसर के निकट स्थित मेडिकल स्टाफ और छात्रों के क्वार्टर पर गिरा, जिससे जमीन पर भी कई लोग घायल हुए हैं। करीब 50 घायल लोगों का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है और सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहे हैं। एनडीआरएफ, पुलिस, दमकल विभाग और स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घटनास्थल पर लगातार मौजूद हैं।

राज्य सरकार ने जनता से की अपील

राज्य सरकार ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जिनके परिजन इस हादसे में लापता हैं या विमान में सवार थे, वे आगे आकर डीएनए नमूना दें ताकि पहचान की प्रक्रिया को तेज किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *