Ahmedabad plane crash:अहमदाबाद के भीषण विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है। केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने यह जानकारी देते हुए उनके निधन पर गहरा दुख जाहिर किया है। 68 वर्षीय विजय रूपाणी गुजरात में 2016 से 21 तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह राजनीति में एक प्रभावशाली और वरिष्ठ चेहरा माने जाते थे।
यह दर्दनाक घटना उस समय हुई जब एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी, टेकऑफ के कुछ ही पलों बाद अहमदाबाद के मेघाणी नगर क्षेत्र में एक रिहायशी इलाके पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें यात्रियों और चालक दल के सदस्य शामिल थे।
पीएम और राष्ट्रपति ने भी निधन पर जताया दुख
विजय रूपाणी राजकोट पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया था। बतौर मुख्यमंत्री, उन्होंने राज्य में कई विकास योजनाओं और नीतियों को लागू किया और भारतीय जनता पार्टी के मजबूत स्तंभों में से एक माने जाते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने विजय रूपाणी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “विजयभाई के निधन से हम सब स्तब्ध हैं। यह हमारे लिए व्यक्तिगत और राजनीतिक रूप से एक अपूरणीय क्षति है। वह न केवल एक कुशल नेता थे, बल्कि एक सज्जन और दूरदर्शी व्यक्ति भी थे।”
हादसे की जांच शुरू
यह भयानक हादसा कैसे और क्यों हुआ, इसे लेकर जांच शुरू हो गई है। सभी पहलुओं पर हादसे की जांच की जा रही है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय एवं एयर इंडिया की टीमें घटनास्थल पर सक्रिय हैं। अब तक दर्जनों लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और कई अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे। यह हादसा टेकऑफ के तुरंत बाद मेघाणी नगर क्षेत्र में हुआ।