ऑपरेशन सिंदूर के बाद विदेश से लौटे डेलीगेशन का भव्य स्वागत, पीएम मोदी ने की सराहना

पीएम मोदी

Pm Modi met deligation(नई दिल्ली),प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार रात प्रधानमंत्री आवास पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत विदेश यात्रा से लौटे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में 33 विदेशी राजधानियों और यूरोपीय संघ का दौरा कर भारत का आतंकवाद विरोधी संदेश वैश्विक मंचों तक पहुंचाया है।

प्रधानमंत्री ने सभी प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके प्रयासों की सराहना की। बैठक के दौरान सांसदों और राजनयिकों ने पीएम को विदेशों में हुई बैठकों, चर्चाओं और देशों की प्रतिक्रियाओं के बारे में विस्तृत फीडबैक दिया।

पाकिस्तान को आतंकवाद पर किया बेनकाब

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत ने पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने ठोस प्रमाण और राजनीतिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। सात वरिष्ठ सांसदों के नेतृत्व में गए इस प्रतिनिधिमंडल का मकसद था भारत की ‘जीरो टॉलरेंस फॉर टेररिज्म’ नीति को वैश्विक मंचों पर मजबूती से रखना।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सात प्रमुख सांसदों ने किया, जिनमें शामिल थे—शशि थरूर (कांग्रेस), रविशंकर प्रसाद (भाजपा), बैजयंत पांडा (भाजपा), कनिमोझी करुणानिधि (डीएमके), संजय कुमार झा (जेडीयू), सुप्रिया सुले (एनसीपी-एसपी) और श्रीकांत शिंदे (शिंदे गुट, शिवसेना)। इन नेताओं ने प्रधानमंत्री को अपनी-अपनी विदेश यात्राओं के अनुभव साझा किए और विभिन्न देशों के नेताओं के साथ हुई बैठकों का फीडबैक दिया।

पीएम मोदी ने की तारीफ

प्रधानमंत्री मोदी ने प्रतिनिधिमंडल के प्रयासों को “राष्ट्रीय हित में एक अभूतपूर्व एकजुटता” बताया। उन्होंने कहा कि भारत की आवाज़ आज वैश्विक मंचों पर और भी स्पष्ट और मजबूत हुई है। पीएम ने सभी सांसदों से कहा कि यह प्रयास ना केवल विदेश नीति को मजबूती देता है बल्कि देश की सुरक्षा नीति को वैश्विक सहयोग से जोड़ता है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर भी कर चुके हैं मुलाकात

इससे पहले विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी इन प्रतिनिधिमंडलों से मिल चुके हैं। उन्होंने प्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा था कि यह दौरे पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कटघरे में खड़ा करने में सफल रहे हैं। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब अगले महीने संसद का मानसून सत्र शुरू होने वाला है। कई विपक्षी दल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विस्तृत चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *