covid-19 update:(नई दिल्ली),देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर से हल्की लेकिन चिंताजनक वृद्धि दर्ज की जा रही है। हाल ही में जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत के प्रमुख राज्यों में कुल सक्रिय (एक्टिव) कोविड मामलों की संख्या 7000 से अधिक हो गई है। इनमें से सबसे ज्यादा मरीज केरल, गुजरात और दिल्ली में पाए गए हैं।
भारत में कोरोना के एक्टिव मामलों की बात करें तो केरल इस समय सबसे अधिक प्रभावित राज्य है, जहां 2223 सक्रिय मरीज हैं। इसके बाद गुजरात में 1223, दिल्ली में 757, और पश्चिम बंगाल में 747 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र में भी मामलों की संख्या 615 है, जबकि कर्नाटक में 459 लोग फिलहाल कोरोना से संक्रमित हैं। उत्तर प्रदेश में यह संख्या 229, और तमिलनाडु में 204 है। वहीं राजस्थान में 138, हरियाणा में 125, और छत्तीसगढ़ में 48 एक्टिव केस हैं। चंडीगढ़ में केवल 3 और हिमाचल प्रदेश में सिर्फ 2 मरीज फिलहाल सक्रिय हैं। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि देश के कुछ राज्यों में संक्रमण की गति धीमी जरूर है, लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।इन आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि दक्षिण और पश्चिम भारत के राज्य अभी भी कोविड के अधिक मामलों से जूझ रहे हैं, जबकि उत्तर भारत के कई हिस्सों, जैसे कि हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
कोविड को न लें हल्के में
AIIMS दिल्ली के वरिष्ठ विशेषज्ञ ने कहा कि कोविड भले ही अब महामारी न होकर स्थानिक (endemic) रूप ले चुका हो, लेकिन इसके मौसमी उतार-चढ़ाव अभी भी गंभीर प्रभाव डाल सकते हैं। संक्रमण की यह नई लहर गंभीर लक्षणों वाली नहीं है, लेकिन बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार व्यक्तियों के लिए यह खतरनाक हो सकती है। सतर्क रहना अभी भी जरूरी है।
सरकार ने जारी किया निर्देश
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने कोविड-19 संबंधित कई अहम निर्देश जारी किए हैं। PMO ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देशित किया है कि वे अपने स्वास्थ्य ढांचे की तैयारी की नियमित समीक्षा करें। इसमें अस्पतालों की क्षमता, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, और मानव संसाधनों की स्थिति की जांच शामिल है।
पांच-स्तरीय रणनीति
कोविड-19 के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए PMO ने पांच-स्तरीय रणनीति अपनाने की सलाह दी है।
परीक्षण (Test): सभी संदिग्ध मामलों का परीक्षण करना।
ट्रैकिंग (Track): संपर्कों की पहचान और निगरानी करना।
उपचार (Treat): उचित चिकित्सा उपचार प्रदान करना।
टीकाकरण (Vaccination): सभी पात्र व्यक्तियों का टीकाकरण सुनिश्चित करना।
कोविड उपयुक्त व्यवहार (COVID Appropriate Behaviour): मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाए रखना, और हाथों की स्वच्छता बनाए रखना।
जनता के लिए जरूरी सलाह
सरकार और विशेषज्ञों ने नागरिकों को कोविड उपयुक्त व्यवहार अपनाने की अपील की है उन्होने कहा सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनें खांसी-बुखार या अन्य लक्षणों पर तुरंत जांच कराएं भीड़भाड़ से बचें, हाथों को साबुन या सैनिटाइज़र से बार-बार साफ करें, कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग विशेष सतर्कता बरतें हालांकि इस समय कोरोना की कोई बड़ी लहर नहीं दिख रही है, लेकिन एक्टिव मामलों की संख्या में यह बढ़त एक चेतावनी की तरह है। यदि नागरिक सतर्कता नहीं बरतते, तो मामूली वृद्धि भी बड़ा संकट बन सकती है। सरकार ने अपनी ओर से तैयारी तेज कर दी है अब ज़िम्मेदारी आम लोगों की भी है कि वे इस प्रयास में सहयोग करें।