YouTuber Jasveer Singh update: (मोहाली): पंजाबी यूट्यूबर जसवीर सिंह महल, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए कथित रूप से जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, को शनिवार को मोहाली जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पुलिस की अपील पर उसे दो दिन के अतिरिक्त रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले पुलिस ने अदालत से सात दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने फिलहाल दो दिन का समय ही मंजूर किया है। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
क्या सामने आए खुलासे?
सरकारी वकील ने कोर्ट को बताया कि जांच के दौरान जसवीर सिंह के ISI एजेंट दानिश से संबंध होने की पुष्टि हुई है। उसने खुद स्वीकार किया कि वह अब तक छह बार पाकिस्तान जा चुका है। दानिश के कहने पर उसने भारतीय सिम कार्ड पाकिस्तान भेजने की तैयारी की थी। उसने अपनी एक महिला मित्र की मुलाकात भी ISI एजेंट से करवाई थी। पाकिस्तान में रहते हुए उसका लैपटॉप लगभग 1.5 घंटे तक एजेंट के पास रहा। उसके मोबाइल से 150 पाकिस्तानी नंबरों की जानकारी भी बरामद की गई है। जांच के लिए जसवीर का लैपटॉप जब्त कर लिया गया है और उसकी फॉरेंसिक जांच जारी है।
कबूलनामे से जांच को मिली दिशा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जसवीर सिंह ने पूछताछ के दौरान इन सभी गतिविधियों को स्वेच्छा से स्वीकार किया है। उसके द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है।
राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा
चूंकि यह मामला देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमा पार जासूसी से जुड़ा हुआ है, इसलिए एजेंसियां इस पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। जांच अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इससे जुड़े और लोग भी भारत में सक्रिय हैं और उनके क्या रोल हैं।
आगे की रणनीति
जसवीर को दो दिन की रिमांड के दौरान और गहनता से पूछताछ की जाएगी। उसके डिजिटल footprint, फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी बारीकी से जांच हो रही है। पुलिस को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में कई और नाम सामने आ सकते हैं जसवीर सिंह महल का केस केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि यह भारत-पाक सीमा पार खुफिया नेटवर्क की संभावित सक्रियता की ओर इशारा करता है। आने वाले दिनों में यह मामला और गहराई से खुल सकता है।