प्रधानमंत्री मोदी ने किया दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब पुल का उद्घाटन, पहली बार श्रीनगर तक पहुंची ट्रेन

पीएम मोदी

world’s highest Chenab bridge, (कटरा): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के कटरा क्षेत्र में स्थित चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल का भव्य उद्घाटन किया। यह पुल 1,486 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है और इसे बनाने में आठ वर्ष से अधिक का समय लगा। पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री तिरंगा लेकर पुल पर पैदल चले, जिसने इस ऐतिहासिक क्षण को और भी भावनात्मक बना दिया। इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री मोदी उद्घाटन स्थल पर विशेष रेल इंजन से पहुंचे, जिसमें उन्होंने सवारी की।

चिनाब पुल इंजीनियरिंग का चमत्कार

चिनाब पुल वास्तुकला और इंजीनियरिंग का अद्भुत उदाहरण है। यह पुल चिनाब नदी तल से 359 मीटर की ऊंचाई पर बना है, जो एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा है। यह 1,315 मीटर लंबा इस्पात का मेहराबदार पुल (Arch Bridge) है, जिसे भूकंप, तेज हवाओं और अन्य चरम परिस्थितियों को सहन करने लायक बनाया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह पुल कटरा से बनिहाल तक के 111 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग में एक महत्वपूर्ण कड़ी है। पुल के निर्माण को वर्ष 2002 में मंजूरी मिली थी, लेकिन वास्तविक निर्माण कार्य वर्ष 2017 में शुरू हुआ। इसके लिए 26 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क और 400 मीटर लंबी सुरंग भी बनाई गई थी। इस पुल की सबसे चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया थी 467 मीटर लंबे मेहराब के दोनों सिरों को मिलाना, जिसमें अत्यधिक सटीकता की आवश्यकता थी।

अंजी पुल भारत का पहला ‘केबल-स्टेड’ रेलवे ब्रिज

चिनाब पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अंजी नदी पर बने भारत के पहले ‘केबल-स्टेड रेलवे पुल’ का भी उद्घाटन किया। यह पुल चिनाब नदी पर बने प्रतिष्ठित पुल के बाद दूसरा सबसे ऊंचा रेलवे पुल है। रेलवे ने 2016 में अंजी खड्ड पर ‘केबल-स्टेड’ पुल बनाने का निर्णय लिया था

क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी

अंजी पुल की कुल लंबाई 725 मीटर है और यह 82 मीटर से लेकर 295 मीटर ऊंचे 96 केबल्स पर टिका हुआ है। इसका डेक 15 मीटर चौड़ा है और इसे भारी तूफान, तेज हवाओं और विस्फोटों को भी झेलने में सक्षम बनाया गया है। ये दोनों पुल न केवल इंजीनियरिंग की दृष्टि से अद्वितीय हैं, बल्कि ये जम्मू-कश्मीर के लिए कनेक्टिविटी और विकास का नया द्वार खोलते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये पुल “नए भारत की नई उड़ान” का प्रतीक हैं, जो राष्ट्र की प्रगति और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम को दर्शाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *