CM Nayab Singh Saini:(पलवल): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पलवल में आयोजित एक भव्य जनसभा में न केवल विकास योजनाओं की झड़ी लगाई, बल्कि विपक्षी कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखे हमले भी किए। सभा में उन्होंने पलवल की जनता से संवाद करते हुए सरकार की उपलब्धियों का ज़िक्र किया और आने वाले समय में जिले के सुनहरे भविष्य का भरोसा दिलाया।
पलवल को वीरता, साहस और धर्म
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि वे बृज भूमि पर आकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पलवल को वीरता, साहस और धर्म की भूमि बताया और कहा कि यहां के लोग अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं। निर्जला एकादशी के पावन दिन पर रैली का आयोजन होना इसे और विशेष बनाता है।
पलवल में हुए विकास कार्यों का लेखा-जोखा
सीएम सैनी ने दावा किया कि वर्ष 2014 से पहले पलवल में विकास ठप था, लेकिन भाजपा सरकार ने स्थिति को पूरी तरह बदला। उन्होंने बताया 109 घोषणाएं पूरी हुईं, और 1270 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए। पलवल के दुघौला गांव में श्री विश्वकर्मा विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। इंडोर स्टेडियम और नए नागरिक अस्पताल में GNM कोर्स शुरू हुआ। 13 लाख घरों में स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया और गांवों को 24 घंटे बिजली दी जा रही है। 50 करोड़ की लागत से ट्रांसपोर्ट नगर, 66 केवी और 220 केवी सब-स्टेशन बनाए जाएंगे। पलवल में जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, दो नए सरकारी स्कूल, और नई अनाज मंडी बनाई जाएगी। नगर पालिका के अंतर्गत आने वाली सभी कच्ची गलियों को पक्का किया जाएगा।
सामाजिक योजनाएं और जन कल्याण
मुख्यमंत्री ने सरकार की प्रमुख योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा 36 लाख बुजुर्गों को पेंशन, जो पहले पेंशन के लिए चक्कर काटते थे। 1.80 लाख से कम आय वाली महिलाओं को ₹500 में रसोई गैस सिलेंडर। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज, जिस पर ₹4 करोड़ खर्च हुए। किसानों को ₹6563 करोड़ का मुआवजा और 20 लाख से ज्यादा लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई। MBBS सीटें बढ़ाई गईं, और भविष्य में 3000+ सीटों का लक्ष्य तय किया गया है।
कांग्रेस पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री सैनी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा राहुल बाबा लगातार सेना का अपमान कर रहे हैं। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब आतंकियों ने पहलगाम में हमला किया तब मोदी सरकार ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों से आतंक की जड़ें हिला दीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता सोचते थे कि सत्ता उनकी जागीर है लेकिन जनता ने उनके सपनों को चकनाचूर कर दिया।
भविष्य की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बडौली को सब-तहसील बनाया जाएगा। ट्रांसपोर्ट नगर और सड़क निर्माण के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी। पंचायत की जमीन पर 20 साल से बने मकानों को मालिकाना हक दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि उनकी सरकार “सबका साथ, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र के साथ काम कर रही है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीन गुना रफ्तार से काम कर रही है और आने वाले समय में पलवल हर क्षेत्र में अग्रणी होगा।