Trump Vs Musk (वाशिंगटन): अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति व टेस्ला एवं स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क के बीच गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तीखी बहस छिड़ गई। दोनों शख्सियतों के बीच बहस उस समय तेज हुई जब ट्रंप ने मस्क की स्पेसएक्स और स्टारलिंक कंपनियों को दिए गए सरकारी कांट्रैक्ट की समीक्षा करने और उसे रद्द करने की धमकी दी। इससे ट्रंप के बेहद करीबी रहे एलन मस्क बौखला गए।
मस्क ने ट्वीट कर यूं दिया ट्रंप की धमकी का जवाब
ट्रंप की उक्त धमकी के जवाब में एलन मस्क ने तीखा बयान जारी करते हुए कहा, “स्पेसएक्स अपने ड्रैगन अंतरिक्ष यान की सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित करना शुरू कर देगा।” यह धमकी अमेरिका के अंतरिक्ष कार्यक्रमों पर गंभीर असर डाल सकती है, क्योंकि स्पेसएक्स फिलहाल ऐसी एकमात्र अमेरिकी कंपनी है जो ड्रैगन कैप्सूल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक अंतरिक्ष यात्रियों और वस्तुओं की आवाजाही संभव बनाती है।
मस्क के पोस्ट से मची खलबली
एलन मस्क की इस बड़ी चेतावनी ने अमेरिका के वैज्ञानिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। नासा ने अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि स्पेसएक्स सेवाएं बंद होती हैं, तो अमेरिका का अंतरिक्ष कार्यक्रम संकट में पड़ सकता है। स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल का उपयोग न केवल अंतरिक्ष यात्रियों को ले जाने के लिए किया जाता है, बल्कि यह अंतरिक्ष स्टेशन की सप्लाई और तकनीकी सहायता का अहम हिस्सा है। नासा वर्तमान में स्पेसएक्स पर भारी रूप से निर्भर है, खासकर जब से अमेरिका ने रशियन सोयूज़ यान पर निर्भरता कम की है।
मस्क और ट्रंप के झगड़े की दुनिया में चर्चा
राष्ट्रपति ट्रंप और एलन मस्क के ताजा झगड़े की पूरी दुनिया में चर्चा है। वैसे भी ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में बहुत आक्रामक रुख अख्तियार किए हैं। वह कब किसे क्या कह देंगे, इस बारे में कुछ भी अनुमान लगाना असंभव हो गया है। चुनाव से पहले मस्क ने ट्रंप की जबरदस्त कंपनेनिंग की थी। इसके बाद ट्रंप ने उन्हें अपनी सरकार में डीओजीई का प्रमुख भी बनाया था। मगर अब दोनों नेताओं के बीच रिश्ते तल्ख हो गए हैं। मस्क के जवाबी पोस्ट से दोनों पक्षों के बीच संबंध और बिगड़ सकते हैं, जिससे तकनीकी और राजनीतिक दोनों क्षेत्रों में अस्थिरता उत्पन्न हो सकती है।