PM Modi Empowering Youth: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा करते हुए कहा कि उनकी सरकार की प्रमुख नीतियां और कार्यक्रम इस विश्वास पर आधारित हैं कि युवाओं को सशक्त बनाना राष्ट्र के लिए सबसे प्रभावशाली कार्य है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत के युवाओं ने वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे न केवल नवोन्मेषी और प्रेरणादायक हैं, बल्कि अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत से देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि युवाओं की ऊर्जा और दृष्टिकोण ने भारत को वैश्विक मंच पर एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया है।
प्रधानमंत्री ने बीते 11 वर्षों के दौरान युवाओं के लिए चलाई गई प्रमुख पहलों जैसे ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘स्किल इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई थीं।
युवाओं को नेतृत्व की भूमिका में लाना मकसद-पीएम मोदी
मोदी ने कहा, “हमने नीति निर्माण में ऐसा परिवर्तन किया जिससे युवा शक्ति को नेतृत्व की भूमिका में लाया जा सके। शिक्षा से लेकर रोजगार और नवाचार तक हर क्षेत्र में उन्हें सशक्त बनाने के लिए मजबूत आधार तैयार किया गया।” उन्होंने यह भी बताया कि बीते एक दशक में स्टार्टअप, विज्ञान, खेल, संस्कृति और सामुदायिक सेवा जैसे क्षेत्रों में भारतीय युवाओं ने “अकल्पनीय उपलब्धियां” हासिल की हैं। उनके अनुसार, यह प्रगति इस बात का प्रमाण है कि जब युवाओं को अवसर और मार्गदर्शन मिलता है, तो वे असाधारण कार्य कर सकते हैं।
युवा भारत, सशक्त भारत का सपना
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत के युवा भविष्य में ‘विकसित भारत’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा अभी जारी है और आने वाले वर्षों में युवा भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और तब से अब तक तीन बार प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व कर चुके हैं।