देश में फिर बढ़ा कोरोना का खतरा: एक्टिव केस 4866, दिल्ली-हरियाणा में तेजी से बढ़ रहे मामले

covid 19

covid-19 update in India: भारत में एक बार फिर से कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 4866 हो गई है। इस दौरान, पिछले 24 घंटे में सात संक्रमित मरीजों की मौत भी हो चुकी है, जिससे संक्रमण की गंभीरता को लेकर चिंता बढ़ गई है।

दिल्ली में 562 एक्टिव केस, 64 नए संक्रमित

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में हल्की लेकिन स्थिर बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बीते 24 घंटों में 64 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे दिल्ली में कुल एक्टिव केस की संख्या 562 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या कम है, लेकिन लगातार निगरानी की जा रही है।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बढ़ी रफ्तार

उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेज़ी से फैल रहा है, खासकर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में। हरियाणा में स्थिति सबसे गंभीर बनी हुई है, जहां 63 एक्टिव केस हैं।
इनमें से सबसे अधिक मामले गुरुग्राम 23 फरीदाबाद 14 और करनाल 11 मामले सामने आए हैं। पंजाब में कोविड के 12 एक्टिव मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं चंडीगढ़ में वर्तमान में 2 सक्रिय मरीज हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

केरल से राहत भरी खबर

इस बीच, दक्षिण भारत के राज्य केरल से राहत भरी खबर आई है। राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रभावी टेस्टिंग और ट्रैकिंग रणनीति का परिणाम है।

सरकारें हुईं सतर्क, जारी किए निर्देश

कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, कोविड टेस्टिंग बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर क्वारंटीन व आइसोलेशन सुविधाएं फिर से सक्रिय करने की सलाह दी गई है। राज्य सरकारें भी अपने-अपने स्तर पर जरूरी कदम उठा रही हैं। लोगों से मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने और हाथों की सफाई के लिए लगातार अपील की जा रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ सप्ताह संक्रमण की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण होंगे। हालांकि संक्रमण की तीव्रता पहले की लहरों जितनी नहीं है, फिर भी जोखिम को नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता। देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का खतरा उभरता दिख रहा है। हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन आने वाले समय में संक्रमण की गति और असर पर निगरानी बेहद जरूरी है। सरकार और आम जनता के बीच सहयोग से ही इस संक्रमण की नई लहर को रोका जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *