कटरा से श्रीनगर तक पहली बार दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन, पीएम मोदी करेंगे सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज का उद्घाटन

PM Modi

Shree Nagar Train project: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में स्थित चिनाब रेल पुल का उद्घाटन करेंगे, जिसे दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज माना जाता है। इसके साथ ही वे कटरा से श्रीनगर के बीच शुरू हो रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने इस ऐतिहासिक मौके को “इंफ्रास्ट्रक्चर और एकता की मिसाल” बताया है।

चिनाब पुल है तकनीकी का कमाल

चिनाब ब्रिज को भारतीय रेलवे की तकनीकी का अद्वितीय उदाहरण माना जा रहा है। यह पुल चिनाब नदी से 359 मीटर ऊपर बना है, जो इसे एफिल टॉवर से भी ऊंचा बनाता है। इसकी कुल लंबाई 1,315 मीटर है और इसे भूकंप-रोधी और तेज़ हवाओं का सामना करने योग्य बनाया गया है। PMO के मुताबिक, यह भारत का पहला स्टील आर्च और केबल-आधारित रेल पुल है जो बेहद चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थिति में निर्मित हुआ है। यह पुल न केवल जम्मू-कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में सहायक होगा, बल्कि राष्ट्रीय एकता और विकास का प्रतीक भी बनेगा।

कटरा से श्रीनगर की दूरी अब 3 घंटे में

चिनाब पुल के उद्घाटन के साथ प्रधानमंत्री वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे जो कटरा से श्रीनगर के बीच चलेगी। इस नई ट्रेन सेवा से यात्रा का समय 3 घंटे तक सिमट जाएगा, जो मौजूदा समय से 2-3 घंटे कम है। यह सुविधा तीर्थयात्रियों और आम नागरिकों दोनों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।

43,780 करोड़ रुपये हुए खर्च

प्रधानमंत्री मोदी जम्मू-कश्मीर में उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत लगभग ₹43,780 करोड़ है। इसमें 36 सुरंगें (कुल लंबाई 119 किमी) और 943 पुल शामिल हैं। यह परियोजना कश्मीर घाटी को हर मौसम में भारत के शेष हिस्सों से जोड़ने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसका लक्ष्य क्षेत्रीय आवागमन को सुगम बनाना और सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देना है।

हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर में भी नया अध्याय

प्रधानमंत्री कटरा में श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस की भी आधारशिला रखेंगे। यह संस्थान ₹350 करोड़ की लागत से बनेगा और यह रियासी जिले का पहला मेडिकल कॉलेज होगा। इससे स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं में भारी सुधार की उम्मीद है।

सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए सड़क परियोजनाएं

इस दौरे में मोदी सीमावर्ती क्षेत्रों में नई सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे, जिनका उद्देश्य देश के अंतिम छोर तक संपर्क को मजबूत करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा विकास, कनेक्टिविटी और राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद अहम मानी जा रही है। चिनाब पुल और वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन न केवल तकनीकी उपलब्धि है, बल्कि यह जम्मू-कश्मीर के आम लोगों के जीवन में सुविधा, गति और आत्मनिर्भरता की नई रफ्तार लाने वाला कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *