Delhi CM and Gadkari meeting: (नई दिल्ली): दिल्ली में जाम के झाम को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक कर राष्ट्रीय राजधानी में चल रही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की परियोजनाओं की समीक्षा की। इस बैठक में दिल्ली में चल रही विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति, समयसीमा और कार्यान्वयन में आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। राजधानी में मेगा प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय को “डबल इंजन” बताया
गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह से दिल्ली को एक आधुनिक, स्मार्ट और विश्वस्तरीय राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार” के तहत केंद्र और राज्य दोनों मिलकर राजधानी की आधारभूत संरचना को सुधारने में जुटे हैं।
प्रमुख सड़क परियोजनाएं
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस समय दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अंतर्गत लगभग ₹35,000 करोड़ की लागत वाली सड़क परियोजनाएं चल रही हैं। इनमें दो प्रमुख परियोजनाएं विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। पहली है शिव मूर्ति से नेल्सन मंडेला रोड तक बनने वाली 7 किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंग, जो राजधानी के ट्रैफिक प्रवाह को बेहतर बनाएगी और यात्रियों के लिए यात्रा को सहज एवं तेज बनाएगी। दूसरी परियोजना INA से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक एलिवेटेड रोड का निर्माण है, जो हवाई अड्डे तक जाने वाले यात्रियों को लंबी ट्रैफिक जाम से राहत देगा।
जलभराव की समस्या भी होगी दूर
मुख्यमंत्री ने बताया कि NHAI ने अब सड़क परियोजनाओं के आसपास की जल निकासी (ड्रैनेज) व्यवस्था का निर्माण भी अपने हाथ में ले लिया है। इससे कई एजेंसियों के बीच समन्वय की समस्याएं खत्म होंगी और कार्य में तेजी आएगी। इस कार्य में लोक निर्माण विभाग (PWD) भी सहयोग करेगा। जल निकासी व्यवस्था मजबूत होने से सड़कें बरसात के मौसम में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगी और जलजमाव की समस्या कम होगी।
नई मंजूरी मिली परियोजनाएं
बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि NHAI ने दिल्ली के लिए ₹150 करोड़ की लागत से रोड ओवरब्रिज (ROB) और रोड अंडरब्रिज (RUB) परियोजनाओं को मंजूरी दी है। ये परियोजनाएं मुख्य रूप से रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्रों पर बनेंगी, जिससे ट्रैफिक जाम और दुर्घटना की संभावना कम हो सकेगी। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में कुल ₹1.25 लाख करोड़ की बुनियादी संरचना परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जो राजधानी को एक नया स्वरूप देंगी। उन्होंने केंद्र सरकार को इस सहयोग और समन्वय के लिए धन्यवाद दिया।
सड़को की गुणवत्ता से नही होगा समझौता
बैठक के दौरान सभी पक्षों ने यह सुनिश्चित किया कि परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी हों और गुणवत्ता के मानकों को भी पूरा किया जाए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली के विकास को तेज करने के लिए संबंधित सभी एजेंसियों को प्रभावी समन्वय और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इस बैठक ने यह साफ कर दिया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर दिल्ली को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और यातायात की दृष्टि से बेहतर शहर बनाने में पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।