विदेश में बंधक बनाए गए 3 भारतीयों को ईरान ने बचाया, भारत ने कहा-यही है ‘‘मित्रता की सच्ची भावना’’

एस जयशंकर, भारत के विदेश मंत्री।

Iran Relations: भारत ने ईरान में बंधक बनाए गए अपने तीन नागरिकों को सुरक्षित मुक्त कराए जाने पर ईरान सरकार का आभार व्यक्त किया है। विदेश मंत्रालय और तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को पुष्टि की कि तीनों भारतीय नागरिक अब सुरक्षित हैं और उन्हें जल्द स्वदेश लाया जाएगा।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “तीनों अपहृत भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है और वे अब दूतावास की निगरानी में हैं, जो उनकी शीघ्र भारत वापसी में मदद कर रहा है।” दूतावास ने ईरान सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा, “यह समर्थन भारत और ईरान के बीच मित्रता की सच्ची भावना को दर्शाता है।”

तेहरान पुलिस की त्वरित कार्रवाई
ईरान की समाचार एजेंसी ‘तस्नीम’ के अनुसार, दक्षिणी तेहरान के वरामिन क्षेत्र में पुलिस ने एक अभियान चलाकर बंधकों को छुड़ाया। एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, बंधक बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीनों भारतीयों को सुरक्षित मुक्त कराया गया। ईरान ने भी पुष्टि की कि “तेहरान पुलिस ने लापता भारतीय नागरिकों को मुक्त करा लिया है।” भारतीय विदेश मंत्रालय ने पहले ही बयान दिया था कि वह इस मामले में लगातार ईरानी अधिकारियों के संपर्क में है।

कौन हैं ये भारतीय नागरिक?
मुक्त कराए गए भारतीयों की पहचान पंजाब के रहने वाले अमृतपाल सिंह, हुसनप्रीत सिंह और जसपाल सिंह के रूप में की गई है। उनके परिवारों ने बताया कि तीनों युवक ट्रैवल एजेंट ने तीनों को ऑस्ट्रेलिया में नौकरी दिलाने के वादा किया था। मगर यात्रा के दौरान वे ईरान पहुंच गए, जहां उनका कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया।

अपहर्ताओं ने मांगी थी फिरौती

परिजनों के मुताबिक, युवकों से फिरौती की मांग की गई थी, जिसके बाद मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई। भारत सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ईरान से संपर्क साधा और उच्च स्तर पर संवाद के माध्यम से रिहाई सुनिश्चित कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *