Chardham Yatra 2025: देवभूमि उत्तराखंड में गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे। मंदिर के कपाट शीतकाल में करीब छह माह बंद रहने के बाद श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोले जाएंगे। कपाट खोलने की तारीख भी सामने आ गई है। केदारनाथ धाम मंदिर के कपाट जहां दो मई को खोल दिए जाएंगे तो वहीं बद्रीनाथ धाम के कपाट चार मई को खोल दिए जाएंगे।
श्री बदरीनाथ और केदारनाथ धाम मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने ये जानकारी दी है। थपलियाल ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दी स्थल उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में परंपरागत रूप से पूजा-अर्चना करने के बाद धर्माचार्य वेदपाठियों ने पंचाग गणना कर केदारनाथ मंदिर के कपाट खोले जाने का मुहूर्त निकाला है।
इसे परंपरागत पूजा अर्चना के लिए ओंकारेश्वर मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। इस आयोजन में केदारनाथ धाम मंदिर के मुख्य पुजारी रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और धर्माधिकारियों के अलावा सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद थे।
इससे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तारीख पहले ही बता दी गई है जिसके मुताबिक, दोनों धाम के कपाट 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर खुलेंगे। थपलियाल ने बताया कि द्वादश ज्योर्तिलिंगों में से एक केदारनाथ मंदिर के कपाट दो मई, शुक्रवार को मिथुन राशि और वृष लग्न में सुबह सात बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे, जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट चार मई को खोले जाएंगे।। इसके बाद चार धाम यात्रा को शुरू किया जाएगा।
कपाट खुलने का कार्यक्रम…
27 अप्रैल को भगवान भैरवनाथ की पूजा-अर्चना होगी।
पंचमुखी डोली 28 अप्रैल को विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी।
29 अप्रैल को श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी से रात्रि प्रवास हेतु द्वितीय पड़ाव फाटा को प्रस्थान करेगी।
1 अप्रैल को फाटा से रात्रि प्रवास हेतु तृतीय पड़ाव गौरादेवी मंदिर गौरीकुंड पहुंचेगी।
1 मई शाम को भगवाना केदरनाथ की पंचमुखी डोली श्री केदरनाथ धाम पहुंची जाएगी।
2 मई शुक्रवार को प्रात: 7 बजे वृष लग्र में श्री केदारनाथ धाम के कपाट तीर्थयात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे।