NDA Meeting PM Modi: दिल्ली में गुरुवार को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होने के बाद एनडीए नेताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में एनडीए शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आने समय में जहां-जहां चुनाव है वहां एनडीए को प्रचंड जीत दिलाएंगे। इस समय पूरा देश बदल रहा है। हम आजादी के अमृतकाल में विकास का एक नया इतिहास लिखने जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, एनडीए की बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा है कि एनडीए एकजुट है और हम सभी विकसित भारत के लिए काम करेंगे और इस लक्ष्य को मिलकर हासिल करेंगे। जानकारी के मुताबिक, बैठक में एनडीए नेताओं ने पीएम मोदी से कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली की तरह हर चुनाव में एनडीए की बड़ी जीत होगी।
बता दें कि, आने वाले 2 सालों में कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। साल 2025 के आखिर में बिहार में विधानसभा चुनाव का आयोजन किया जाएगा। साल 2026 में असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम-बंगाल, पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होंगे। इसके बाद साल 2027 में गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तराखंड, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का आयोजन होगा।
दिल्ली में हुआ शपथ ग्रहण समारोह
एनडीए की बैठक से पहले सभी नेता दिल्ली के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। आज दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। दोपहर को ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रेखा गुप्ता को दिल्ली के उपराज्यपाल ने सीएम पद की शपथ दिलाई। इस समारोह में पीएम मोदी सहित केंद्रीय मंत्री भी शामिल रहे। एनडीए शासित 20 राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम भी इस समारोह में शामिल रहे। धर्म, उद्योग, फिल्म और क्रिकेट जगत की हस्तियों के अलावा 16 हज़ार से ज़्यादा नागरिक शपथ ग्रहण के गवाह बने।