Madhya Pradesh Encounter: भारत में आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने अगले साल तक नक्सलवाद खत्म करने की बात कही थी। बुधवार को मध्य प्रदेश के बालाघाट में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। सुरक्षाबलों ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर तीन नक्सलियों को ढेर कर दिया।
इस अभियान में नक्सल विरोधी हॉक पोर्स और स्थानीय पुलिस टीमों के जवान शामिल थे। मुठभेड़ के बाद भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, इस मुठभेड़ में कुछ नक्सली घायल भी हुए हैं, लेकिन वो भागने में सफल रहें।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बालाघाट में मिली सफलता के लिए मध्य प्रदेश पुलिस को बधाई दी। उन्होंने कहा, बालाघाट जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें तीन नक्सली ढेर हो गए। सर्च ऑपरेशन के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद जब्त किया गया।
सीएम ने आगे कहा कि, प्रदेश में नक्सलवाद और हिंसक गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। राज्य पुलिस इन पर अंकुश लगाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा देशभर में नक्सल विरोधी अभियान संचालित है। केंद्र सरकार सभी राज्यों से वर्ष 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरी तरह से सक्रिय है।
बड़ी मात्रा में हथियार बरामद
पुलिस के मुताबिक, नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ सुबह जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर हुई। दोनों ओर से लंबे समय तक गोलीबारी होती रही। इस गोलीबारी में तीन नक्सली ढेर हो गए। साथ ही कुछ नक्सली घायल हो गए। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर घायल नक्सली भाग गए। भागे गए नक्सलियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 12 टीमें लगाई गई है।