ICC Champions Trophy 2025: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत आज पाकिस्तान और न्यूजीलैंड मैच के साथ हो गई। पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने पहले टॉस जीतकर कीवी टीम को बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। पहले मैच में ही पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा, टीम के सलामी बल्लेबाज फखर जमान फिल्डिंग करते हुए चोटिल हो गए। वह मैच की दूसरी ही गेंद पर चोटिल हुए।
पाकिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड की टीम ने सधी हुई शुरुआत की और पाकिस्तान के लिए पहला विकेट अबरार अहमद ने लिया, उन्होंने डेवोन कॉन्वे को 10 रन के निजी स्कोर पर चलता किया। इसके बाद दमदार फॉर्म में चल रहे केन विलियमसन भी एक रन बनाकर चलते बने। कीवी टीम की ओर से एक छोर पर मोर्चा ओपनर विल यंग ने संभाला। वह नाबाद शतक लगाकर खेल रहे हैं।
बता दें कि, मैच का पहला ओवर शाहीन शाह अफरीदी ने किया, इस ओवर की दूसरी गेंद पर विल यंग ने मिड ऑफ की दिशा में शॉट खेला। हलके हाथों से खेले गए इस शॉट में ताकत कम थी और गैप में गई गेंद बॉउंड्री की तरफ धीमे जा रही थी, बॉल के पीछे दौड़ लगाते हुए फखर जमान ने स्लाइड किया। शानदार प्रयास से उन्होंने गेंद को रोक लिया लेकिन इस दौरान चोटिल हो गए।
पाक के ओपनर बल्लेबाज फखर जमान की चोट को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक बयान जारी किया। उन्होंने बताया कि फखर जमान की मांसपेशियों में खिंचाव आया है। उनकी जांच की जा रही है और सही समय पर आगे की जानकारी प्रदान की जाएगी। फिलहाल, वह मैच में बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे लेकिन आगे का अपडेट बाद में दिया जाएगा।
फखर के खेलने पर संशय
बता दें कि, पाकिस्तान का दूसरा मैच 23 फरवरी को भारत के साथ दुबई में खेला जाएगा। इस मैच में फखर जमान के खेलने पर संशय जरूर है। अगर वह चोट की वजह से बाहर होते हैं तो यह पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका रहेगा साथ ही इस चोट ने कप्तान मोहम्मद रिजवान की टेंशन को बढ़ा दिया है। 23 फरवरी को होने वाला मैच भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों के लिए दूसरा मुकाबला होगा क्योंकि गुरुवार को भारत का पहला मुकाबला बांग्लादेश के साथ खेला जाएगा।