Mamata Banerjee Remark: संगम नगरी प्रयागराज में चल रहे आस्था के पर्व महाकुंभ को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा में विवादित बयान दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की सरकार पर निशाना साधते हुए महाकुंभ को ‘मृत्युकुंभ’ बताया। महाकुंभ में हुई भगदड़ की घटना को लेकर कहा कि सरकार केवल वीआईपी लोगों को सुविधा दे रही है। आम जनता को मरने के लिए छोड़ दिया है। महाकुंभ में सुविधाओं का अभाव है जिसकी वजह से अप्रिय घटना हो रही है।
विधानसभा में बजट सत्र के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि महाकुंभ में अमीरों और वीआईपी लोगों के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है। लेकिन गरीबों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। मेले जैसे बड़े आयोजन में भगदड़ की स्थिति आम है। लेकिन इसके लिए सही प्रबंधन की बहुत जरूरत हैं।
ममता बनर्जी ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी सिर्फ अपने फायदे के लिए धर्म का इस्तेमाल कर रही है। पार्टी ने बिना पोस्टमार्टम के ही शवों को बंगाल भेज दिया। उनका कहना है कि इन लोगों की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई, इसलिए इन्हें मुआवजा नहीं दिया जाएगा।
इस दौरान ममता बनर्जी ने बीजेपी से सवाल पूछते हुए कहा कि भगदड़ की घटना के बाद कितने आयोग महाकुंभ भेजे गए? आपने बिना पोस्टमार्टम और डेथ सर्टिफिकेट के शव भेज दिए। लेकिन अब इन लोगों को मुआवजा कैसे मिलेगा? उत्तर प्रदेश का रवैया पश्चिम-बंगाल के लोगों के लिए दोहरा है।
शिवपाल यादव ने भी घेरा
बता दें कि, इससे पहले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक शिवपाल सिंह यादव ने महाकुंभ को लेकर यूपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार सनातन धर्म का दिखावा कर रही है। लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। सरकार सिर्फ अपने फायदे के लिए लोगों की आस्था से साथ खेल रही हैं। महाकुंभ में किसी भी प्रकार की कोई सुविधा नहीं है जिसकी वजह से जनता की जान जोखिम में डाली जा रही है।
Read Also: Delhi: यमुना की सफाई को लेकर सरकार सख्त, गंदगी डालने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई