गोरखपुर: पूर्वांचल के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे बोर्ड ने गोरखपुर से दिल्ली और गोरखपुर से मुंबई के बांद्रा स्टेशन के बीच दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को मंजूरी दे दी है। दोनों ट्रेनें साप्ताहिक होंगी। रेलवे की ओर से इनके लिए एक-एक अमृत भारत रैक भी उपलब्ध करा दिया गया है। इन ट्रेनों के शुरू होने से गोरखपुर के अलावा यूपी और देश के कई प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को ट्रेन नंबर 15095/15096 और गोरखपुर-बांद्रा अमृत भारत एक्सप्रेस को 15085/15086 के नंबर से चलाया जाएगा। दिल्ली जाने वाली ट्रेन से बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद के यात्रियों को फायदा मिलेगा। वहीं मुंबई रूट पर कानपुर, आगरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, पालघर और बोरीवली जैसे शहर जुड़ेंगे।
गुरुवार रात गोरखपुर से दिल्ली के लिए रवाना होगी ट्रेन
ट्रेन नंबर 15095 गोरखपुर से हर गुरुवार रात 10:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 15096 हर शुक्रवार दोपहर 2 बजे दिल्ली से चलेगी और शनिवार सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद और पुरानी दिल्ली जंक्शन होंगे।
शुक्रवार को मुंबई के लिए चलेगी अमृत भारत
गोरखपुर से बांद्रा के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 15085 हर शुक्रवार सुबह 7:50 बजे गोरखपुर से रवाना होगी और शनिवार शाम 6 बजे बांद्रा पहुंचेगी। वापसी में 15086 बांद्रा-गोरखपुर अमृत भारत शनिवार रात 9:20 बजे चलेगी और सोमवार सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस रूट पर खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर, टुंडला, आगरा फोर्ट, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, शामगढ़, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वलसाड़, वापी, पालघर और बोरीवली समेत कई स्टेशन होंगे।
1800 से ज्यादा यात्री कर सकेंगे सफर
अमृत भारत एक्सप्रेस को आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इन ट्रेनों में AC कोच नहीं होंगे। 22 कोच वाली ट्रेन में 1,800 से ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आरामदायक सीटों के साथ वैक्यूम बायो-टॉयलेट और CCTV कैमरों की सुविधा होगी। इसके अलावा ट्रेन में टॉक-बैक सिस्टम भी दिया जाएगा। आपात स्थिति में यात्री इसके जरिए सीधे लोको पायलट या ट्रेन मैनेजर से संपर्क कर सकेंगे।