PM Narendra Modi on Union Budget: देश का आम बजट 2025 वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश कर दिया। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह आम आदमी का बजट है। यह मिडिल क्लास की जेब भरेगा और आत्मनिर्भर भारत अभियान को तेजी देगा। इस दौरान प्रधानमंत्री ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, भारत तेजी से विकसित भारत की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। यह विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। आज का बजट 140 करोड़ भारतीयों की आकांशाओं का बजट है, यह आदमी के सपनों को पूरा करेगा। हमने कई सेक्टर युवाओं के लिए खोल दिए हैं। ये विकसित भारत के मिशन को बल देगा, ये बजट बल गुणक है।
विकसित भारत के मिशन को आम नागरिक चलाने जा रहे हैं। यह बजट शक्ति बढ़ाने वाला है। यह बजट बचत, निवेश, उपभोग और विकास को बढ़ाएगा। हर क्षेत्र में विकास को दोगुनी रफ्तार देगा। महिला, किसान, युवा और गरीब व्यक्ति के लिए इस बजट ने बहुत सारे रोजगार के रास्ते खोल दिए हैं।
आमतौर पर बजट का फोकस इस बात पर रहता है कि सरकार का खजाना कैसे भरेगा, लेकिन ये बजट उससे बिलकुल उल्टा है। ये बजट, देश के नागरिकों की जेब कैसे भरेगा, देश के नागरिकों की बचत कैसे बढ़ेगी और देश के नागरिक विकास के भागीदार कैसे बनेंगे। ये बजट इसकी एक बहुत मजबूत नींव रखता है। भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की राह पर कदम बढ़ा रहा है।
ज्ञान भारत मिशन शुरू- पीएम मोदी
पीएम मोदी का कहना था कि ये बजट देश के विकास में योगदान सुनिश्चित करेगा। बजट में रोजगार के क्षेत्र में प्राथमिकता दी गई है। देश में टूरिज्म के लिए बहुत संभावनाएं हैं। आज देश ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र को लेकर चल रहा है। इस बजट में इसके लिए बहुत महत्वपूर्ण और ठोस कदम उठाए गए हैं। इस बजट में एक करोड़ पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए ‘ज्ञान भारत मिशन’ को शुरू किया गया है। अब पूरी दुनिया विकसित भारत का सपना पूरा होता देखेगी।