Parliament Budget Session 2025: संसद के बजट सत्र से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सदन के दोनों सदनों में अभिभाषण दिया और मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण की शुरुआत कुंभ में हुए हादसे से कही और कहा कि माननीय सदस्यों इस समय संगम नगरी प्रयागराज में कुंभ चल रहा है। मैं वहां मंगलवार देर रात हुए हादसे पर दुख व्यक्त करती हूं। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए आगे कहा कि भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने की राह पर है।
देश के 70 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड का फायदा मिल रहा है, छोटे कारोबारियों के लिए लोन लिमिट दोगुनी हुई। साथ ही 3 करोड़ नए घर का लक्ष्य जल्द पूरा होगा। केन्द्र सरकार 3 गुना तेज गति से काम कर रही है। आज देश बड़े फैसलों और नीतियों को असाधारण गति से लागू होते देख रहा है। महिलाओं, किसानों और युवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता मिल रही है।
आज देश के विकास में सबका साथ है इसलिए हम देश के सभी सामर्थ्य का अनुभव कर रहे हैं। इसका लाभ दलित, वंचित और आदिवासी समाज को मिल रहा है। जिस जनजातीय समाज की उपेक्षा होती रही, हमने उसके कल्याण को प्राथमिकता दी। 770 से ज्यादा एकलव्य विद्यालयों में आदिवासी बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। 30 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए। स्वास्थ्य के लिए 5 करोड़ व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई है।
कल पेश होगा बजट
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदन के बाहर मीडिया को संबोधित किया था। उन्हो ने कहा कि इस सत्र में कई ऐतिहासिक बिल पेश किए जाएंगे। हर नारी को सम्मानपूर्ण जीवन मिले उस दिशा में इस सत्र में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म करेंगे। सत्र के दूसरे दिन एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 18वीं लोकसभा और मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश करेंगी। बतौर वित्त मंत्री सीतारमण का यह लगातार आठवां बजट होगा।