Congress MP Rakesh Rathore Arrest: सीतापुर लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते समय पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस सांसद पर एक महिला के साथ बलात्कार का आरोप है। हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया। कोतवाली नगर पुलिस ने राठौर को उनके आवास से गिरफ्तार किया है।
वह मामले को लेकर मीडिया को संबोधित कर रहे थे। पुलिस प्रेस वार्ता के बीच में पहुंची और सांसद को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि, हाईकोर्ट ने बुधवार को वकीलों की दलीलें सुनने के बाद अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया। सरेंडर करने के लिए अदालत ने एक सप्ताह का समय दिया था।
दरअसल, याचिकाकर्ता की ओर से पेश हुए वकील ने अदालत को बताया था कि शिकायतकर्ता महिला ने यह मुकदमा 4 साल के बाद दर्ज करवाया है और उनके मुवक्किल को इस मुकदमे में झूठा फंसाया गया है। शिकायतकर्ता की ओर से पेश हुए अधिवक्ता ने दलील दी कि कांग्रेस सांसद राकेश राठौर एक दबंग नेता हैं, जिसके डर के कारण उनकी मुवक्किल ने मुकदमा देर से दर्ज करवाया।
सांसद राठौर के वकील ने सरेंडर के लिए अदालत से समय मांगा, जिस पर अदालत ने दो हफ्ते के अंदर सांसद को सेशन कोर्ट में सरेंडर करने को कहा। आरोपी राकेश राठौर ने इससे पहले सीतापुर की सत्र अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद हाईकोर्ट की ओर रूख किया गया था, यहां से भी झटका लगा।
Read Also: http://Delhi Election: केजरीवाल पर जमकर बरसे राहुल गांधी, बोले- सबसे बड़ा घोटाला…शराब घोटाला
राजनीति में करियर बनाने का दिया झांसा
बता दें कि, बीती 15 जनवरी को कोतवाली पुलिस स्टेशन में एक महिला की शिकायत के आधार पर कांग्रेस सांसद पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि सांसद राकेश राठौर ने उससे शादी करने और उसका राजनीतिक करियर बनाने का वादा करके पिछले चार सालों में कई बार उसके साथ बलात्कार किया। महिला ने पुलिस को कॉल डिटेल और कॉल रिकॉर्डिंग भी मुहैया कराई।