Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिन का समय बाकी है। ऐसे में सियासी दलों ने जोर-शोर से चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किराड़ी विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी बजरंग शुक्ला के समर्थन में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ को लेकर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज में गंगा की अविरल धारा है। आप सरकार ने युमना जी का क्या कर दिया। आप की सरकार ने यमुना को गंदे नाले में तब्दील कर दिया है। क्या केजरीवाल यमुना जी में स्नान करेंगे? देश की राजधानी की सड़कों का हाल सभी को दिखाई दे रहा है। यहां गड्ढों में सड़के हैं। ये कोई विकास का काम नहीं करना चाहते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने यमुना के मुद्दे पर दिल्ली सरकार को घेरते हुए कहा कि कल आपने देखा होगा कि मेरे साथ प्रयागराज के संगम में 54 मंत्रियों ने डुबकी लगाई। एक मुख्यमंत्री के तौर पर अगर मैं और मेरे मंत्री संगम में डुबकी लगा सकते हैं, तो मैं आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल से पूछता हूं कि क्या वह भी यमुना जी में जाकर अपने मंत्रियों के साथ डुबकी लगा सकते हैं?
उन्होंने कहा कि दिल्ली की सड़कों पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़कें हैं? ये कोई विकास का काम नहीं करना चाहते हैं। जनता को बुनियादी सुविधाएं मिलें, ये वो काम नहीं करना चाहते हैं। इनका तो एक ही कार्य है, सुबह होते ही सोशल मीडिया पर ट्वीट करना। मीडिया के माध्यम से लोगों को गुमराह करना। आम आदमी पार्टी को समाजवादी पार्टी समर्थन दे रही है। दिल्ली में रोहिंग्याओं को बसाया जा रहा है।
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि पहले लोग दिल्ली में मेट्रो, सड़कें और सफाई व्यवस्था देखने आते थे, आज दिल्ली का बुरा हाल पूरा देश देख रहा हैं। पंजाब में आप की सरकार ने महिलाओं को पैसे देने का वादा किया था लेकिन आज तक नहीं दिए। अब महिलाएं केजरीवाल के घर का घेराव करने आती है। जब पंजाब में लोगों से झूठे वादें किए हैं तो दिल्ली में कहां से पूरा करेंगे।
Read Also: Haryana: सीएम सैनी का बड़ा फैसला, अब प्रदेश के इन पूर्व कर्मचारियों को मिलेंगे 6-20 हजार रुपए पेंशन