Delhi Bomb Threat Accused Arrest: देश की राजधानी दिल्ली के 400 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस धमकी के पीछे एक बच्चा था, जिसका लैपटॉप और मोबाइल फोन इन धमकियों को भेजने के लिए इस्तेमाल किया गया। इन सभी को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इन धमकियों को भेजने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा था।
स्पेशल पुलिस आयुक्त मधुप तिवारी ने बताया कि पिछले साल 12 फरवरी से बम धमकी के कॉल और मेल्स मिल रहे थे। 8 जनवरी 2025 को मिली एक कॉल के बाद पुलिस ने आरोपी बच्चे की पहचान की। पुलिस ने बच्चे के लैपटॉप और मोबाइल की जांच की। यह भी पता चला कि बच्चे के पिता एक एनजीओ से जुड़े हुए थे, जो राजनीतिक रूप से सक्रिय था और आतंकी अफजल गुरु की फांसी के खिलाफ था।
पुलिस आयुक्त तिवारी ने कहा कि धमकियों का सिलसिला 14 फरवरी से लगातार जारी था। जांच में यह सामने आया कि इन मेल्स में वीपीएन जैसी तकनीकी मदद ली जा रही थी, जिससे पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही थी। इन धमकियों के कारण स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही थी और कई जगह छुट्टियां घोषित कर दी गई थीं।
कई पहलुओं की हो रही जांच
इसके अलावा, पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या इस घटना के पीछे कोई राजनीतिक पार्टी का हाथ तो नहीं है। पुलिस को शक है कि यह साजिश केवल परीक्षा रद्द कराने की नहीं थी, बल्कि इसके पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है। पुलिस ने एयरलाइन्स को मिल रही धमकियों की भी जांच शुरू कर दी है। यह जांच अभी प्रारंभिक दौर में है और पुलिस इसे गहराई से समझने के लिए सभी पहलुओं पर ध्यान दे रही है। जल्द ही इसकी जांच हो जाएगी और सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।