Winter Parliament Session: संसद के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन आज फिर संसद में हंगामा हो गया। बढ़ता हंगामा देख कार्यवाही को दोपहर 12 बजे के लिए फिर स्थगित कर दिया, लेकिन इसके बाद फिर हंगामा हो गया। इसके अवाला विपक्ष ने दोनों सदनों में संभल हिंसा का मुद्दा उठाया। इस बीच हंगामे को देखते हुए दोनों सदनों की कार्यवाही 28 नवंबर तक स्थगित कर दी गई।
सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद संसद के बाहर राहुल गांधी ने कहा कि केन्द्र सरकार लगातार गौतम अडानी को बचाने का प्रयास कर रही है। अडानी पर अमेरिका में 2 हजार करोड़ रुपए की रिश्वत देने का आरोप है। अडानी को जेल में होना चाहिए लेकिन मोदी सरकार बचाव में खड़ी है।
दरअसल, 21 नवंबर को यूनाइटेड स्टेट्स अटॉर्नी ऑफिस की ओर से कहा गया था कि अडाणी ने भारत में सोलर एनर्जी से जुड़ा कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए कथित भारतीय अधिकारियों को 265 मिलियन डॉलर (करीब 2200 करोड़ रुपए) की रिश्वत दी या देने की योजना बना रहे थे।
वहीं, आज अडाणी ग्रुप ने साफ कर दिया है कि चेयरमैन गौतम अडानी, उनके भतीजे सागर अडानी और सीनियर एग्जीक्यूटिव विनीत जैन पर अमेरिका में रिश्वत से जुड़े कोई आरोप नहीं हैं। मीडिया हाउस में चल रही खबर गलत हैं। इस तरह की खबर से हमारा कोई लेना देना नहीं है।
सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के चैंबर में इंडी गठबंधन के फ्लोर नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे। बैठक में संसद सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा की गई थी।
16 विधेयक होंगे पेश
बता दें कि, 18वीं लोकसभा का यह तीसरा सत्र चल रहा है। सत्र की शुरुआत 25 नवंबर से हुई और 20 दिसंबर तक यह सत्र चलेगा। इस दौरान 20 बैठकें आयोजित की जाएगी। वक्फ संशोधन विधेयक समेत 16 विधेयकों को सदन में लाने की तैयारी केन्द्र सरकार कर रही है।