Rajasthan Bypoll: आज झारखंड विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान जारी है। पहले चरण में 15 जिलों की 43 सीटों पर सुबह सात बजे से वोटिंग जारी है। इसके अलावा 10 राज्यों की 31 विधानसभा सीटों और वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस बीच राजस्थान के टोंक जिले की देवली उनियारा विधानसभा सीट चर्चा में हैं।
दरअसल, इस सीट से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने गुस्से में आकर मालपुरा एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद गांव का माहौल बिगड़ गया। बाद में निर्दलीय प्रत्याशी नरेण मीणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और माहौल बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।
मामला यह है कि निर्दलीय प्रत्याशी और एसडीएम में ग्रामीणों की मांग को लेकर बहस हो गई थी। बहस इतनी बढ़ गई की नरेश मीणा ने अपना आपा खो दिया और गुस्से में आकर एसडीएम को थप्पड़ मार दिया। बता दें कि, देवली उनियारा विधानसभा क्षेत्र की कचरावता ग्राम पंचायत के समरावत गांव के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर रखा था।
ग्रामीणों का कहना था कि उनका गांव पहले उनियारा उपखंड में था, लेकिन बाद में पिछली सरकार ने उनके गांव को उनियारा से हटाकर देवली उपखंड में शामिल कर दिया था। इस बात से ग्रामीण नाखुश हैं। ग्रामीणों की मांग है कि गांव को एक बार फिर उनियारा में शामिल किया जाए। इसी मांग को लेकर नरेश मीणा और एसडीएम के बीच बहस हो गई थी।
इन राज्यों में हो रहा मतदान
बता दें कि, इस समय राजस्थान की सात, बिहार चार, मध्यप्रदेश की दो, छत्तीसगढ़ की एक, पश्चिम-बंगाल की 6, असम की पांच, कर्नाटक की तीन, गुजरात और मेघालय की एक-एक सीटों पर मतदान हो रहा है। केरल में वायनाड लोकसभा सीट और चेलाक्कारा विधानसभा सीट पर सुबह सात बजे से वोटिंग जारी है।