ED Raid in Bengal Jharkhand: झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ताबड़तोड़ छापेमारी की है। यह छापेमारी घुसपैठियों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। इसके अलावा जांच एजेंसी ने बंगाल में छापेमारी की है। ईडी की यह रेड करीब 17 ठिकानों पर हुई है।
जांच एजेंसी की यह कार्रवाई होटल और रिसोर्ट में हुई है। इसके अलावा आश्वी डायग्नोसिस पर भी ईडी ने शिकंजा कसा है। इस समय झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लगी है और बुधवार को पहले चरण का मतदान होना है। बीजेपी ने झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ को बड़ा मुद्दा बनाया है। सुप्रीम कोर्ट में भी इस मामले को लेकर हाल ही में सुनवाई थी। जिस पर सर्वोच्च न्यायालय ने चिंता जताई थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ईडी ने बांग्लादेशी महिलाओं की घुसपैठ के एक मामले में पीएमएलए के तहत सितंबर में केस दर्ज किया था। यह छापेमारी उसी केस के सिलसिले में हो रही है। रांची के बरियातू थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने केस दर्ज किया था। तब बांग्लादेशी लड़कियां एक रिसोर्ट से पकड़ी गई थीं।
इसको लेकर केंद्र सरकार ने हाईकोर्ट को बताया था कि संथाल परगना सहित झारखंड के कई इलाकों में आदिवासी आबादी पर प्रभाव पड़ा है। आदिवासी बहुल क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय के लोगों को बड़े पैमाने पर गिफ्ट डीड के जरिए जमीन दी जा रही है।
Read Also: http://कौन है जस्टिस संजीव खन्ना, जो बने देश के नए CJI, जानिए किन-किन मामलों का कर चुके हैं निस्तारण
मुसलमान आदिवासी महिलाओं से शादी कर जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। इसके बाद हाईकोर्ट ने कहा था कि मामले में तथ्यों की पड़ताल के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई जानी चाहिए। हाईकोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकार से कमेटी के लिए अधिकारियों का नाम भी मांगा था।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी झारखंड में साफ कर दिया कि हम एक ऐसा कानून लाएंगे कि अगर कोई मुस्लिम आदिवासी से शादी करता है तो भी उसे जमीन नहीं दी जाएगी। अमित शाह ने कहा कि अगर बीजेपी की सरकार बनी तो हम घुसपैठ को पूरी तरह से खत्म कर देंगे। सोमवार को अमित शाह ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए यह दावा किया था।