Jharkhand Chunav 2024: बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झारखंड के जमशेदपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लिया और कहा कि साल 2017 में उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को निकलने नहीं दिया जाता था और जब से हमारी सरकार आई हमने सभी त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को लेकर सुरक्षा सुनिश्चित करने का काम किया।
आज प्रदेश में कांवड़ यात्रा धूमधाम से निकाली जाती है और शिवभक्तों के ऊपर पुष्प वर्षा होती है। पहले की सरकारों में कहा जाता था कि अगर कांवड़ यात्रा को निकाला जाएगा तो दंगा हो जाएगा। लेकिन बीजेपी सरकार ने कहा कि एक बार आर पार हो ही जाए। सीएम योगी ने कहा कि अब यूपी में कांवड़ यात्रा के दौरान दंगा नहीं होता बल्कि उनके ऊपर पुष्प वर्षा होती है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार अपने नागरिकों को मुफ्त अनाज दे रही है और दूसरी तरफ पाकिस्तान है जो भीख का कटोरा लेकर दर दर भटक रहा है कोई उसको भीख नहीं दे रहा। पाकिस्तान के लोग आज एक किलो आटा के लिए भी तरस रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन को निशाने पर लेते हुए कहा कि मुझे बताया गया कि जब से जेएमएम की सरकार प्रदेश में आई है तब से घुसपैठ तेजी से हो रही है और जनसांख्यिकी बदलने लगी है।
यहां तक कि दुर्गा पूजा या रामनवमी के जुलूसों के दौरान भी पथराव होता है। मैंने लोगों से कहा कि चाहे वो पत्थरबाज हों या उपद्रवी, उनके लिए एक ही समाधान है, वह है बीजेपी को लाना। झारखंड में बीजेपी की सरकार बनने के बाद पत्थरबाजों का इलाज किया जाएगा और हर नागरिक की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाएगा।
यूपी में नो दंगा सब चंगा- योगी
पहले कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोग कहते थे की प्रभु राम तो हुए ही नहीं, लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन गया है। 22 जनवरी को पीएम मोदी जी के कर कमलों से राम मंदिर का उद्घाटन हुआ, यह नया भारत है जो बोलता है वह करता है। अब यूपी में नो दंगा अब सब है चंगा, अब यूपी में दंगा नहीं होता सभी त्योहार अच्छे से मनाया जाता है। बीजेपी देश और प्रदेश की सुरक्षा को सुनिश्चित करने का काम कर रही है।