Haryana Oath Ceremony Live: नायब सिंह सैनी आज हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। पंचकूला में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के अलावा बीजेपी के तमाम कद्दावर नेता इस समारोह में शामिल होंगे। शपथग्रहण समारोह दोपहर एक बजे होगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में लगभग 50,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। देशभर से करीब डेढ़ दर्जन एनडीए नेता भी शपथ ग्रहण समारोह शामिल होंगे। शपथ ग्रहण हरियाणा के लिए ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा क्योंकि हरियाणा में बीजेपी की लगातार तीसरी बार सरकार बन रही है।
बता दें कि, नायब सिंह सैनी के साथ 10 से 12 मंत्री भी आज शपथ ले सकते हैं। हरियाणा में 5 अक्टूबर को चुनाव हुए थे और 8 अक्टूबर को चुनाव का परिणाम घोषित किया गया था। जिसमें बीजेपी ने 90 में से 48 सीटें जीतीं थी वहीं कांग्रेस ने 37 सीट पर जीत दर्ज की थी। इसके अलावा 3 सीटें निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीतीं थी, जिसमें बीजेपी सांसद नवीन जिंदल की मां सावित्री जिंदल शामिल है। इनेलो के खाते में दो सीटें आई थी।
नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, “हरियाणा की जीत ने साबित कर दिया कि आज पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डंका बज रहा है। तीसरी बार सरकार बनना कोई आम बात नहीं है। कांग्रेस पार्टी और पूरे इंडिया गठबंधन ने हरियाणा चुनाव में सारे नकारात्मक चुनाव का प्रचार किया था। हरियाणा की जनता ने सारे नकारात्मक प्रचार को खत्म करके पीएम मोदी के सुशासन पर मुहर लगाई है।
Read Also: Maharashtra: देवेन्द्र फडणवीस ने खोल दिए पत्ते, बताया दिया कौन होगा महायुति का सीएम?
मंत्रिमंडल में इन नेताओं को मिलेगी जगह
मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी के साथ ये नेता भी शपथ लेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक अनिल विज, कृष्णलाल पंवार, कृष्ण बेदी, डॉक्टर कृष्ण लाल मिड्डा, डॉक्टर अरविंद शर्मा, गौरव गौतम, राजेश नागर, विपुल गोयल, आरती राव, राव नरवीर सिंह, रणवीर सिंह गंगवा, श्रुति चौधरी और महिपाल ढांडा को कैबिनेट में शामिल किया जाएगा।
50 हजार लोग होंगे शामिल
पंचकूला में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी शासित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सीएम और डिप्टी सीएम भी शिरकत करेंगे। इसके अलावा समारोह में करीब 50 हजार लोग शिरकत करेंगे। बुधवार को सीएम सैनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर सभी नागरिकों को समारोह में शामिल होने का न्योता दिया था।