Haryana Election Review Meeting: हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस में समीक्षा बैठकों का दौर शुरू हो गया है। आज कांग्रेस नेतृत्व में प्रदेश के नेताओं के साथ चुनावी मंथन के लिए पहली बैठक की और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस बैठक में शामिल हुए। बैठक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित हुई।
इस बैठक में हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष उदयभान चौधरी, पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया, प्रदेश पर्यवेक्षक अशोक गहलोत, प्रताप सिंह बाजवा और अजय माकन शामिल हुए। इस बैठक में अजय यादव, कुमारी शैलजा और रणदीप सुरजेवाला को नहीं बुलाया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि नेताओं ने पार्टी हित को नीचे रखा और खुद के हित को ऊपर रखा।
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि जिसकी वजह से चुनाव में पार्टी को इसका परिणाम भुगतना पड़ा है। पार्टी को दूसरे नंबर पर रखना और अतिआत्मविश्वास के कारण हमें नुकसान हआ है। चुनाव परिणामों के लिए एक फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई जाएगी। जिसकी घोषणा जल्द की जाएगी। हम चुनावों में मिली शिकायतों को लेकर चुनाव आयोग के पास जाएंगे।
बैठक के बाद कांग्रेस के सीनियर नेता अजय माकन ने कहा कि चुनाव के परिणाम चौंकाने वाले और अप्रत्याशित है। बैठक में हार के कारणों की समीक्षा की गई। पार्टी परिणों को लेकर क्या एक्शन लेती है, इसकी जानकारी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल दे देंगे।
राहुल ने किया था पोस्ट
इससे पहले राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में ईवीएम में कथित खराबी के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के प्रयास में चुनाव आयोग के साथ एक संभावित बैठक का संकेत दिया था। उन्होंने एक्स पर लिखा, हम हरियाणा के अप्रत्याशित नतीजे का विश्लेषण कर रहे हैं। अनेक विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों से चुनाव आयोग को सूचित कराएंगे। सभी हरियाणा वासियों को उनके समर्थन और हमारे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए दिल से धन्यवाद। हक का, सामाजिक और आर्थिक न्याय का, सच्चाई का यह संघर्ष जारी रखेंगे, आपकी आवाज बुलंद करते रहेंगे।