Haryana Chunav Results Live Update: हरियाणा में विधानसभा चुनाव के नतीजे अब साफ हो गए हैं। चुनावी परिणाम में बीजेपी एक बार फिर से तीसरी बार बहुमत के साथ सरकार बनाती हुई दिख रही है। चुनावी परिणामों को लेकर आम आदमी पार्टी के संरक्षक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि कभी भी किसी चुनाव को हल्के में नहीं लेना चाहिए। इस चुनाव परिणाम सबक यह है कि हमें अति आत्मविश्वासी नहीं होना चाहिए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चुनावों में कभी अधिक आत्मविश्वासी नहीं होना चाहिए। केजरीवाल का ये बयान ऐसे समय में आया है जब बीजेपी हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाती दिख रही है। मंगलवार को केजरीवाल ने आप के नगर निगम सदस्यों के एक समूह को संबोधित करते हुए कहा, ‘देखते हैं हरियाणा में परिणाम क्या आते हैं। इसका सबसे बड़ा सबक यह है कि चुनावों में कभी अधिक आत्मविश्वासी नहीं होना चाहिए। किसी भी चुनाव को हल्के में नहीं लेना चाहिए। हर चुनाव और हर सीट कठिन होती है।
आप ने लड़ा अकेले चुनाव
बता दें कि, हरियाणा चुनाव में आप-कांग्रेस के गठबंधन को लेकर तमाम कोशिशें हुई थीं। लेकिन गठबंधन हो नहीं सका था। इसके बाद आप ने राज्य में कुल 90 सीटों में से 89 पर अकेले चुनाव लड़ा था। आप के उम्मीदवार लगभग सभी सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस के मुकाबले पीछे चल रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान केजरीवाल ने पहले कहा था कि राज्य में कोई सरकार आप के समर्थन के बिना नहीं बनेगी। हालांकि, फिलहाल आम आदमी पार्टी की झोली में एक सीट भी जाती हुई नहीं दिख रही है। अधिकतर सीटों पर प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो रही है।