Israel Iran War: इजरायल पर ईरान के हमले के बाद दिल्ली में इजरायली दूतावास की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। अब्दुल कलाम रोड को बैरिकेट लगाकर बंद कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस गाड़ियों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीडिया को भी इजरायल एंबेसी की तरफ जाने की और वीडियोग्राफी करने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
इजरायल पर ईरान के हमले के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव का माहौल है। ऐसे में भारत में इजरायल एंबेसी पर किसी भी साजिश को रोकने के लिए दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बुधवार देर रात ईरान ने इजरायल पर बड़ा हमला किया और 100 से ज्यादा मिसाइल दाग दी। हालांकि, अभी तक हमले के बाद कितना नुकसान हुआ इसका अभी तक कोई पुष्टि नहीं की गई।
ईरान के हमले के बाद भारत की राजधानी दिल्ली में अलर्ट जारी कर दिया है। इन इलाकों में किसी तरह के प्रदर्शन ना हो उसी को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इजरायल दूतावास की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया और एंबेसी की तरफ जाने के रास्ते को बंद किया है। दिल्ली में मौजूद इजरायल एंबेसी के पास बीते कुछ साल में 2 बार संदिग्ध आईईडी ब्लास्ट हो चुका है।
बता दें कि, मध्य पूर्व में जंग के हालात बढ़ते ही भारत ने इजरायल और ईरान में रह रहे भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी करते हुए भारत के लोगों को ईरान की सभी गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी। इससे पहले विदेश मंत्रालय ने इजरायल में रह रहे भारतीयों के लिए एडवाइजरी को जारी किया था। विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी थी।
ईरान ने दी प्रतिक्रिया
इजरायल पर हमले के बाद ईरान की प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरान का कहना है कि हमें अपनी आत्मरक्षा का अधिकार हैं और हमने इजरायल की तरह बेगुनाहों को नहीं मारा है। लेबनान में हमले के बाद हमने साफ कर दिया था कि इजरायल से बदला लिया जाएगा। हिज्बुल्लाह चीफ नसरूल्लाह हसन और हानिया की मौत का प्रतिशोध हम हर हाल में लेंगे।