Jammu Kashmir Chunav 2024: अगले सितंबर महीने में हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने जा रहा है। चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान भी कर दिया है। चुनाव को लेकर जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस पार्टी में गठबंधन हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गठबंधन को लेकर निशाना साधा और राहुल गांधी से सवाल पूछा है।
उन्होंने कहा कि यह गठबंधन राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस-एनसी का गठबंधन राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर अनेक बड़े सवाल खड़े करता है। मैं कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पूछना चाहूंगा कि क्या कांग्रेस जम्मू-कश्मीर के लिए फिर से अलग झंडे की घोषणा का समर्थन करती है? क्या कांग्रेस धारा-370 और अनुच्छेद 35A को वापस लाकर जम्मू-कश्मीर को फिर से अशांति और आतंकवाद के युग में धकेलने की एनसी की घोषणा का समर्थन करती है?
सीएम योगी ने कहा कि क्या कांग्रेस पाकिस्तान के साथ एलओसी ट्रेड शुरू करने का समर्थन करती है? इस गठबंधन से कांग्रेस का आरक्षण विरोधी चेहरा भी सबके सामने आया है। क्या कांग्रेस दलितों, गुर्जरों, बकरवाल और पहाड़ियों के आरक्षण को समाप्त कर उनके साथ अन्याय करने के एनसी के फैसले का समर्थन करती है?
वहीं, केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी को निशाने पर लिया था। उन्होंने कहा था कि सत्ता के लालच में बार-बार देश की एकता और सुरक्षा के साथ खेलने वाली कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर चुनाव में अब्दुल्ला परिवार की नेशनल कांफ्रेंस के साथ गठबंधन करके फिर से अपने मंसूबों को देश के सामने रखा है। कांग्रेस पार्टी देश की एकता और अखंडता के लिए खतरा है। पूरे देश को कांग्रेस की नीतियों को जानना चाहिए।