Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव के शंखनाद के साथ ही प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को निशाने पर लिया और कहा कि कांग्रेस पार्टी के टिकट बीजेपी के कार्यालय से बांटे जाएंगे। कांग्रेस पार्टी बीजेपी की बी पार्टी है। हुड्डा जेल से बचने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान जेजेपी नेता ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपनी पार्टी के बिग बॉस का हुकुम मानने की बजाय बीजेपी के बिग बॉस का का हुकुम मानते हैं। उन्होंने बताया कि जेल के डर से बचने के लिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा कुछ भी कुर्बान कर सकते हैं। हुड्डा की राजनीति सारा हरियाणा देख रहा है वहीं उन्होंने कहा कि बीजेपी ने किरण चौधरी को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के सामने कांग्रेस और विपक्ष कमजोर साबित हुआ है।
इससे पहले भी राज्यसभा चुनाव को लेकर दिग्विजय ने हुड्डा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा राज्यसभा चुनाव में हार के डर से पीछे हट रहे हैं। अब तो हमारे भी कई विधायक कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस के पास अब गिनती पूरी हो गई है। हम बीजेपी के खिलाफ वोटिंग करने का वादा कर चुके हैं। हुड्डा अब राज्यसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार उतार दें। जननायक जनता पार्टी अपना पूरा समर्थन देगी। कांग्रेस किसी खिलाड़ी या फिर किसी नेक हरियाणवी को उम्मीदवार बनाए जेजेपी साथ खड़ी है। हम कांग्रेस प्रत्याशी का इंतजार कर रहे हैं।