Madhya Pradesh LPG Cylinder Price: रक्षाबंधन से पहले मध्य प्रदेश की मोहन यादव की सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश की महिलाओं को एलपीजी सिलेंडर मात्र 450 रुपए में मिलेगा। मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में कैबिनेट ने इस पर मुहर लगा दी है। इसके ऊपर जो भी राशि लगेगी उसकी भरपाई राज्य सरकार करेगी।
इसी तरह आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा। इसमें निधन होने पर 2,00000 रुपए और स्थाई दिव्यांगता पर 1,00000 रुपए का बीमा मिलेगा।
इसके अलावा कैबिनेट बैठक में फैसला लिया गया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में जो सड़कें अधूरी रह गई हैं, उन्हें अब राज्य सरकार द्वारा बनाया जाएगा। इसके लिए 56 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। मध्य प्रदेश के 22 जिलों (आलीराजपुर, आगर मालवा, रीवा, अनूपपुर, ग्वालियर, अशोक नगर, भिंड, कटनी, उमरिया, बैतूल, भोपाल, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, धार, मुरैना, सतना, शहडोल, निवाड़ी, सिंगरौली, उज्जैन और सागर) के एलोपैथी चिकित्सालय में चिकित्सा के सभी विकल्प उपलब्ध कराने के लिए आयुष विंग की स्थापना की जाएगी। इसके संचालन के लिए 213 पदों की स्वीकृति दी गई।
वहीं, छिंदवाड़ा जिले में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार शर्मा की सेवा के दौरान अपने दायित्व का निर्माण करते हुए मृत्यु हो जाने पर 90 लाख रुपए की विशेष अनुग्रह राशि देने का निर्णय लिया गया। इसमें से 45 लाख रुपए पत्नी और 45 लाख रुपए माता-पिता को दिए जाएंगे। पूर्व में 10 लख रुपए स्वजन को दिए जा चुके हैं।
Read Also:Delhi: मशहूर टीचर विकास दीव्यकीर्ति की ‘दृष्टि IAS’ सील, अवैध बेसमेंट में चल रही थी कोचिंग
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार मध्य प्रदेश को विकसित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बीजेपी सरकार प्रदेश में हर वर्ग और जिले का समान विकास कर रही है। प्रदेश की महिलाओं के लिए एलपीजी सिलेंडर के दाम 450 रुपए कर दिए गए हैं। प्रदेश की अधूरी सड़कों को पूरा करने के लिए हम लगातार निर्णय ले रहे हैं और जल्दी सड़क निर्माण को पूरा कर दिया जाएगा।