Union Budget 2024 Live Update: मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का आज पहला बजट पेश किया गया। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार सातवां बजट पेश किया। बजट पेश होने के बाद विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केन्द्र सरकार को निशाने पर लिया और कहा कि यह बजट कॉपी पेस्ट बजट है और कुर्सी बचाने के लिए यह बजट पेश किया गया।
राहुल गांधी ने बजट को अडानी अबांनी के हित वाला बजट बताया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि ये बजट कांग्रेस के मेनिफेस्टो और पिछले बजट का कॉपी पेस्ट है। साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि इस माध्यम से सरकार सहयगियों का तुष्टिकरण कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस बजट में आम जनता के लिए कुछ भी नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि अंबानी और अडाणी को फायदा पहुंचाया गया है।
इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी केन्द्र सरकार को निशाने पर लिया है। खरगे ने कहा कि यह यह सरकार बचाओ वाला बजट है। बजट में बिहार और आंध्र प्रदेश को बड़ी संख्या में पैसे दिए गए हैं। इस बजट में गरीब से लेकर किसान और मीडिल क्लास के लोगों के लिए कुछ नहीं है। मोदी सरकार कांग्रेस के एजेंडे को ठीक से कॉपी पेस्ट भी नहीं कर पाई है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को बचाने के लिए एनडीए को रेवड़ी बांटी जा रही है।
खरगे ने कहा कि यह बजट देश की तरक्की के लिए नहीं बल्कि मोदी सरकार बचाओ वाला बजट है। उन्होंने किसानों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि सरकार ने बजट में केवल सतही बातें की है। एमएसपी और दोगुनी आय, सब सरकार की धोखाधड़ी साबित हुई। खरगे ने ये भी कहा कि दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यक, मध्यम वर्ग और गांव-गरीब लोगों के लिए कोई भी क्रांतिकारी योजना नहीं है, जैसी कांग्रेस-UPA ने लागू की थीं।