Haryana Surendra Panwar Arrest: हरियाणा में अवैध खनन को लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ा एक्शन लिया है। अवैध खनन मामले में सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेन्द्र पंवार को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी शुक्रवार देर रात हुई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम विधायक को अंबाला ले जा रही है। बीते दिनों अवैध खनन से जुड़े मामले में सुरेंद्र पंवार, यमुनानगर में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के यहां पर छापेमारी की गई थी।
इसके बाद ईडी पंवार के घर से कई दस्तावेज लेकर गई थी, इसी मामले में गिरफ्तारी बताई जा रही है। सेक्टर 15 स्थित विधायक की कोठी के सामने सन्नाटा पसरा है। रोजाना की तरह फरियादियों का जमावड़ा नहीं है। सीआईडी ने भी अधिकारियों को गिरफ्तारी की सूचना दी है। सोनीपत के विधायक सुरेंद्र पंवार के खिलाफ अवैध खनन मामले में ईडी ने शिकंजा कसा हुआ है। जबकि कुछ समय पहले वह मामले की जांच करने आए थे।
सुरेंद्र पंवार विधानसभा की लेखा समिति के साथ 21 जून को अवैध खनन की जांच के लिए यमुनानगर खनन क्षेत्र का दौरा करने आए थे। उन्होंने अवैध खनन के विरुद्ध आवाज बुलंद करने के साथ ही अधिकारियों की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा करते हुए काफी खिंचाई कर गए थे। अब प्रवर्तन निदेशालय ने विधायक को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, ईडी ने इसी साल जनवरी में फरीदाबाद, सोनीपत, यमुनानगर, करनाल, चंडीगढ़ और मोहाली में 20 परिसरों में छापेमारी की थी। यह छापेमारी यमुनानगर और हरियाणा के आस-पास के जिलों में रेत, पत्थरों और बजरी के बड़े पैमाने पर अवैध खनन से जुड़े एक मामले से संबंधित था। इस अवैध खनन के काम में कथित तौर पर पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और विधायक सुरेंद्र पंवार और उनके सहयोगी शामिल थे।
Read Also: Haryana: अग्निवीर को लेकर सीएम सैनी का बड़ा ऐलान, सरकारी नौकरियों में मिलेगा 10 फीसदी आरक्षण