Karnataka Sex Scandal Prajawal Revanna: कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में पहली बार मुख्य आरोपी प्रज्वल रेवन्ना की प्रतिक्रिया सामने आई है। रेवन्ना का कहना है कि वह 31 मई को पूछताछ के लिए एसआईटी के सामने पेश होंगे। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ झूठे केस लगाए गए हैं और यह एक राजनीतिक साजिश है। मैं डिप्रेशन में चला गया था। हासन में कुछ ताकतें मेरे खिलाप काम कर रही है क्योंकि मैं राजनीतिक रूप से आगे बढ़ रहा हूं। 31 मई को मैं एसआईटी के सामने रहूंगा और सहयोग करूंगा।
मुझे देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और मुझे न्याय मिलेगा। प्रज्वल रेवन्ना ने कहा कि विदेश में मेरे ठिकाने के बारे में उचित जानकारी नहीं देने के लिए मैं अपने परिवार के सदस्यों, अपने कुमारन्ना और पार्टी कार्यकर्ताओं से माफी मांगना चाहता हूं। प्रज्वल ने आगे कहा कि 26 तारीख को जब चुनाव खत्म हुआ, तो मेरे खिलाफ कोई मुकदमा नहीं था।
एसआईटी का गठन नहीं हुआ था और मेरे जाने के दो-तीन बाद मैंने यूट्यूब पर अपने ऊपर लगे ये आरोप देखे और मैंने अपने वकील के जरिए एसआईटी को पत्र लिखकर एक सप्ताह का समय मांगा। अब मैं एसआई के सामने पेश होने जा रहा हूं। हासन में मेरे खिलाफ बहुत बड़ी साजिश हुई है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रज्वल रेवन्ना का डिप्लोमैटिक पासपोर्ट कैंसिल करने की मांग की थी। इस सिलसिले में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी और तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। अपने पत्र में, सिद्धारमैया ने इसे शर्मनाक बताया कि रेवन्ना ने आरोप सामने आने के ठीक बाद और उसके खिलाफ पहला आपराधिक मामला दर्ज होने से ठीक पहले देश छोड़ने के लिए अपने राजनयिक पासपोर्ट का इस्तेमाल किया था।
विदेश यात्रा को नहीं दी गई मंजूरी
प्रज्वल रेवन्ना ने विदेश मंत्रालय से मंजूरी लिए बिना राजनयिक पासपोर्ट पर यात्रा की थी। नियमों के मुताबिक, निजी यात्रा के लिए भी डिप्लोमैटिक पासपोर्ट का इस्तेमाल करने के लिए छूट लेने की जरूरत होती है। 2 मई को, साप्ताहिक ब्रीफिंग के दौरान, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा है, सांसद प्रज्वल रेवन्ना की जर्मनी यात्रा के संबंध में विदेश मंत्रालय से कोई राजनीतिक मंजूरी नहीं मांगी गई थी या जारी नहीं की गई थी.।जाहिर है, कोई वीजा नोट भी जारी नहीं किया गया था।