Nafe Singh Rathee Hatyakand: हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की रविवार को ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। नफे सिंह राठी हत्याकांड को अंजाम मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की तरह दिया गया। दोनों हत्याकांड को एक ही स्टाइल में अंजाम दिया गया।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों का नाम आया था। अब राठी की हत्या में भी लॉरेंस गैंग का नाम आ रहा है। राठी की रविवार शाम को झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में बराही रेलवे फाटक के पास गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इनेलो नेता अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में कहीं से शोक सभा में शोक प्रकट करके वापस लौट रहे थे।
पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या 29 मई, 2022 की शाम को मूसेवाला गांव में उनके घर के पास की गई थी। जिसमें करीब 30 राउंड फायर की गई थी और उसमें से 19 गोलियां मूसेवाला को लगी थीं। जिसके बाद मूसेवाला की मौके पर ही मौत हो गई थी।
नफे सिंह राठी पर भी सड़के के बीचों-बीच फायरिंग हुई। शुरुआती जांच में पता चला कि इस हत्याकांड में करीब 50 राउंड फायरिंग की गई। इनेलो नेता के अलावा उनके एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य निजी सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल है।
दोनों हत्याकांड को अंजाम सड़क के बीचों-बीच दिया गया। सिद्धू मूसेवाला ने तो अपने बचाव के लिए लॉरेंस के गुर्गों पर जवाबी फायरिंग की थी लेकिन नफे सिंह राठी हत्याकांड में नफे सिंह के गनमैन फायरिंग तक नहीं कर पाए। मौके पर ही नफे सिंह राठी की मौत हो गई।
Read Also: Haldwani Violence: हिंसा का मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक पुलिस के हत्थे चढ़ा, दिल्ली से हुई गिरफ्तारी
नफे सिंह राठी की मौत के बाद हरियाणा में मनोहर सरकार और कानून व्यवस्था पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। अब सड़क के बीचों-बीच गोलियां चल रही है।
इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक अभय सिंह चौटाला का कहना है कि इस हत्याकांड की सीबीआई से जांच करानी चाहिए। प्रदेश सरकार पर हमें भरोसा नहीं रहा है। इनेलो के लिए यह अपूर्णीय क्षति है। पार्टी हमेशा नफे सिंह राठी के योगदान को याद रखेगी। इस दुख की घड़ी में पूरी पार्टी नफे सिंह के परिवार के साथ खड़ी है।