Madhya Pradesh Mohan Yadav: मध्य प्रदेश कांग्रेस में पूर्व सीएम कमलनाथ को लेकर संशय के बादल छंटने लगे हैं, लेकिन पार्टी में बीजेपी सेंधमारी करने में सफल रही। कमलनाथ के कई करीबी चेहरों को बीजेपी अपनी ओर खींच लाई। इस सेंधमारी में मुख्य भूमिका सीएम मोहन यादव ने निभाई।
बुधवार को सीएम मोहन यादव छिंदवाड़ा दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान सीएम ने क्षेत्र के विकास के लिए 104 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी, उसके बाद जनआभार यात्रा निकाली। सीएम ने छिंदवाड़ा में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को बीजेपी में शामिल करवाया और संगठन को धार देने की कवायद में जुटा दिया। कांग्रेस के लिए इसे बड़ा झटका माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि, कांग्रेस के जिन नेताओं ने बीजेपी में आस्था दिखाई है वह सभी कमलनाथ के करीबी चेहरों के तौर पर जाने जाते हैं। बीजेपी में शामिल होने वालों में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव उज्जवल सिंह चौहान, पार्षद, सरपंच, जनपद सदस्य और कई कार्यकर्ताओं के नाम हैं। इन सभी नेताओं ने कमलनाथ की मौजूदगी में बीजेपी ज्वॉइन की है।
1500 कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल
छिंदवाड़ा दौरे के दौरान सीएम यादव ने जनसभा के दौरान कांग्रेस नेताओं का बीजेपी में स्वागत किया। सीएम ने कहा कि अभी करीब 1500 कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हुए हैं। कुछ नेता थोड़ा असमंजस में है वह जल्द ही बीजेपी में शामिल हो जाएंगे। सीएम ने छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर बीजेपी की जीत सुनिश्चित करने की अपील की है।
बता दें कि, पूरे मध्यप्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं। इस प्रदेश में चुनाव सीधे-सीधे कांग्रेस और बीजेपी के बीच होता है। कांग्रेस के पास 29 में से केवल एक लोकसभा सीट है। यह सीट कोई और नहीं बल्कि छिंदवाड़ा की है। इस सीट से कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ ने जीत हासिल की थी। अब बीजेपी इसी सीट पर पूरी मेहनत कर रही है।