Loksabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अपनी तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। शिवपाल यादव को बदायूं से प्रत्याशी बनाया गया है। इस सीट पर प्रत्याशी बदला गया है क्योंकि पहले बदायूं से धर्मेन्द्र यादव को प्रत्याशी बनाया था। चर्चित कैराना लोकसभा सीट से विधायक इकरा हसन को टिकट दिया गया है।
सपा ने तीसरी लिस्ट में कैराना से इकरा हसन, बदायूं से शिवपाल सिंह यादव, बरेली सीट से प्रवीण सिंह ऐरन, हमीरपुर से अजेंद्र सिंह राजपूत और वाराणसी से सुरेन्द्र सिंह पटेल को टिकट दिया है। अखिलेश यादव की अगुवाई वाली समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवारों की अब तक तीन लिस्ट जारी की है, जिसमें 80 लोकसभा सीटों में 32 पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं।
कांग्रेस के साथ नहीं बनी बात
बता दें कि, बीती रात कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर फॉर्मूला नहीं बना था। सपा ने कांग्रेस को 17 सीटों का ऑफर दिया था। मसलन, अखिलेश यादव कथित रूप से इससे ज्यादा सीट कांग्रेस के देने के मूड में नहीं है। उन्होंने पहले सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस को 80 में 11 सीटों की पेशकश की थी। हालांकि, कांग्रेस पार्टी लगातार कह रही है कि इस मुद्दे पर वह सपा के साथ बातचीत में हैं।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इस समय उत्तर प्रदेश में है। कांग्रेस के दुर्ग कहे जाने वाली लोकसभा सीट अमेठी और रायबरेली में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के शामिल होने की संभावना पर सस्पेंस गहरा गया है। दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग पर रार चल रही है। अखिलेश यादव अमेठी में इस यात्रा का हिस्सा नहीं बने। सूत्रों की मानें तो अखिलेश यादव रायबरेली में भी इस यात्रा में शामिल नहीं होंगे। ऐसा इसलिए भी है क्योंकि अखिलेश यादव ने एक दिन पहले ही दो टूक कह दिया था कि अगर कांग्रेस के साथ गठबंधन फाइनल नहीं हुआ तो वह राहुल गांधी के साथ रायबरेली की यात्रा में शामिल नहीं होंगे।
Read Also: Bihar: न विजन, न रीजन फिर भी सरकार चला रहे हैं नीतीश कुमार