Loksabha Chunav 2024: पंजाब के बाद दिल्ली में AAP ने दिया कांग्रेस को झटका, राजधानी में सिर्फ एक सीट का दिया ऑफर

Loksabha Chunav 2024 AAP Congress: आम चुनाव 2024 को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को एक के बाद एक झटका मिल रहा है। पहले पश्चिम-बंगाल में टीएमसी ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। जयंत चौधरी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) एनडीए के साथ चली गई। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) ने सभी सीटों पर अकेले लड़ने का ऐलान पहले ही कर दिया था। अब दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को रेड सिग्नल दिखाया है।

पंजाब और दिल्ली में सत्ताधारी पार्टी आप के नेता संदीप पाठक ने मंगलवार को कहा कि हम दिल्ली में कांग्रेस को एक सीट पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव देते हैं। संदीप पाठक सीट शेयरिंग के इस फॉर्मूले पर यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे दो टूक कहा कि अगर कांग्रेस ने समय रहते हमें जवाब नहीं दिया तो हम 6 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देंगे।

साफ नहीं गठबंधन की तस्वीर

आप नेता का यह बयान ऐसे समय आया है कि जब पंजाब और दिल्ली में गठबंधन की तस्वीर को लेकर कयासों का दौर चल रहा है। गौरतलब है कि आप संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने तरनतारन में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि दिल्ली की जनता ने सभी 7 सीटें आप को देने का मन बना लिया है।

इससे पहले पंजाब के सीएम भगवंत मान प्रदेश की सभी 13 सीटें और चंडीगढ़ सीट जीतने का दावा कर चुके हैं। आप के दोनों नेताओं के बयानों को देखा जाए तो विपक्षी गठबंधन का सीट शेयरिंग फॉर्मूला ठंडे बस्ते में जाता दिख रहा है। दिल्ली और पंजाब में गठबंधन की तस्वीर साफ नहीं दिख रही है। कांग्रेस को पहले टीएमसी बाद में नीतीश कुमार पलट गए और अब रालोद एनडीए के साथ चली गई। इन झटकों के बाद पंजाब और दिल्ली में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।

Read Also: चौधरी चरण सिंह और स्वामीनाथन को भारत रत्न दिये जाने से नहीं बनी बात, किसान संगठन कर रहे हैं दिल्ली मार्च

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *