PM नरेन्द्र मोदी का बड़ा ऐलान, चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और स्वामीनाथन को मिलेगा भारत रत्न

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बड़ा एलान किया है। एक ही दिन में देश की तीन हस्तियों को भारत रत्न से सम्मानित करने का एलान किया। पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और हरित क्रांति के जनक डॉक्टर एमएस स्वामिनाथन को भारत रत्न मिलेगा। शुक्रवार को पीएम मोदी ने इसकी घोषणा की है।

पीएम मोदी ने चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर कहा, हमारी सरकार का यह सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तक कि एक विधायक के रूप में भी, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को गति प्रदान की। वे आपातकाल के विरोध में भी डटकर खड़े रहे, हमारे किसान भाई-बहनों के लिए उनका समर्पण भाव और इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र के लिए उनकी प्रतिबद्धता पूरे देश को प्रेरित करने वाली है।

वहीं, कांग्रेस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव को भारत रत्न देने का ऐलान करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। एक प्रतिष्ठित विद्वान और राजनेता के रूप में, नरसिम्हा राव गरू ने विभिन्न क्षमताओं में भारत की बड़े पैमाने पर सेवा की।

Read Also: Haryana: अदालती हरी झंडी मिलते ही हरियाणा में नौकरियों की भरमार, ग्रुप सी के 10,233 युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी

उन्हें आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कई वर्षों तक संसद और विधानसभा सदस्य के रूप में किए गए कार्यों के लिए समान रूप से याद किया जाता है। उनका दूरदर्शी नेतृत्व भारत को आर्थिक रूप से उन्नत बनाने, देश की समृद्धि और विकास के लिए एक ठोस नींव रखने में सहायक था।

पीएम मोदी ने आगे लिखा, ‘प्रधानमंत्री के रूप में नरसिम्हा राव गरू का कार्यकाल महत्वपूर्ण कदम उठाने के रूप में जाना जाता है जिन्होंने भारत को वैश्विक बाजारों के लिए खोल दिया, जिससे आर्थिक विकास के एक नए युग को बढ़ावा मिला। इसके अलावा, भारत की विदेश नीति, भाषा और शिक्षा क्षेत्रों में उनका योगदान एक ऐसे नेता के रूप में उनकी बहुमुखी विरासत को रेखांकित करता है, जिन्होंने न केवल महत्वपूर्ण बदलावों के माध्यम से भारत को आगे बढ़ाया बल्कि इसकी सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को भी समृद्ध किया।

प्रख्यात वैज्ञानिक डॉक्टर एमएस स्वामीनाथन को याद करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, ‘यह बेहद खुशी की बात है कि भारत सरकार कृषि और किसानों के कल्याण में हमारे देश में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉक्टर एमएस स्वामीनाथन जी को भारत रत्न से सम्मानित कर रही है। उन्होंने चुनौतीपूर्ण समय के दौरान भारत को कृषि में आत्मनिर्भरता हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भारतीय कृषि को आधुनिक बनाने की दिशा में उत्कृष्ट प्रयास किए थे।

Read Also: Uttarakhand: हल्दवानी हिंसा पर DM का बड़ा खुलासा, थाने में पुलिस वालों को जिंदा जलाने की कोशिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *