Uttarakhand UCC Bill: मंगलवार को उत्तराखंड विधानसभा में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पेश कर दिया। इसके बाद सदन में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। जिसको लेकर सदन की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। अब समाजवादी पार्टी (सपा) के सीनियर नेता एस.टी. हसन ने बड़ा बयान दिया है।
सपा नेता का कहना है कि आप कानून कितने भी लाए, लेकिन हम वही मानेंगे जो कुरान शरीफ में है। हमें मालूम है कि यह कानून क्यों लाया जा रहा है। वोटबैंक की राजनीति के चलते चुनाव से पहले यह कानून लाया जा रहा है। बीजेपी सिर्फ हिंदू मुसलमान को लड़ाने के लिए यह कानून लेकर आई है। हम इस कानून को नहीं बल्कि केवल कुरान को मानेंगे।
आगे यूसीसी को लेकर कहा कि ‘मुसलमानों को क़ुरान पाक ने जो हिदायतें दी हैं अगर इसके ख़िलाफ कोई कानून बनता है, जैसे-हम 1400 साल से पैतृक संपत्ति में बेटी को हिस्सा दे रहे हैं, तो अगर इसके विरुद्ध कोई क़ानून बनता है तो हम उसे मानने को तैयार नहीं हैं। अगर हमारी शरीयत के क़ानून से दूसरों को कोई परेशानी नहीं है तो इन्हें क्यों है? ये कब तक हिंदू-मुसलमान करके ध्रुवीकरण करते रहेंगे। इस समय बीजेपी देश में नफरत फैलाने का काम कर रही है।
Read Also: Team India: बीसीसीआई आज करेगा भारतीय टीम का ऐलान, अनफिट जडेजा, गिल और शमी पर रहेगी नजर
बीजेपी ने किया स्वागत
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने यूसीसी को लेकर कहा कि हम इसका स्वागत करते हैं। उत्तराखंड देश का पहला राज्य यूसीसी लागू करने वाला बन जाएगा। बीजेपी के तीन मुख्य मुद्दे थे। अयोध्या में रामलला का मंदिर, धारा 370 (जम्मू-कश्मीर) और समान नागरिक संहिता (यूसीसी)…मैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई देता हूं। देश में सभी के लिए एक कानून होना चाहिए।
यूसीसी विधानसभा में पेश
बता दें कि, उत्तराखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री धामी ने यूसीसी बिल को पेश कर दिया है। सोमवार को उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू हुआ था। सोमवार को ही सीएम धामी की अध्यक्षता में उत्तराखंड कैबिनेट ने यूसीसी बिल को मंजूरी दे दी थी। कांग्रेस और मुस्लिम संगठन इस बिल का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि वोटबैंक और ध्रुवीकरण करने के लिए यह विधेयक लाया गया है इस विधेयक का मुस्लिम संगठन भी विरोध कर रहे हैं।
Read Also: Madhya Pradesh: हरदा की पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, अब तक 12 लोगों की मौत, 50 से ज्यादा घायल