Bihar Nitish Kumar: बिहार में सियासी उठापटक के बीच बैठकों का दौर जारी है। पटना में आरजेडी विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है। दिल्ली में अमित शाह के चिराग पासवान की बैठक हो रही है। इस बीच कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश कुमार आज सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। बीजेपी के साथ मिलकर प्रदेश में सरकार बना सकते हैं।
इस बीच बताया जा रहा है कि कांग्रेस के कुछ विधायक भी एनडीए को समर्थन दे सकते हैं। यही कारण है कि नीतीश कुमार ने अपने सभी सरकारी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। नीतीश के साथ कांग्रेस के टूटे विधायक भी एनडीए में शामिल होंगे। खबरों के मुताबिक, 122 के जादुई आंकड़े को पार करने के लिए एनडीए गठबंधन को 10 कांग्रेस विधायकों का भी समर्थन मिल सकता है। कांग्रेस के 10 से ज्यादा विधायक बीजेपी के संपर्क में बताए जा रहे हैं।
समझिए सीटों का समीकरण?
फिलहाल, बिहार विधानसभा में बीजेपी के पास 78 विधानसभा सीट हैं। जेडीयू के पास 45 विधायक और एनडीए की सहयोगी पार्टी हम के पास 4 विधायक हैं। इन सबको जोड़ें तो आंकड़ा 127 आता है। अगर राजद ने जदयू के कुछ विधायकों को हरा दिया तो कांग्रेस के 10 बागी विधायक नीतीश और बीजेपी सरकार बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
Read Also: Bihar Crisis: सिसासी उठापटक के बीच बड़ी ख़बर, सीएम होंगे नीतीश कुमार..डिप्टी सीएम होंगे सुशील मोदी!
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बीजेपी की नजर प्रदेश में कांग्रेस के कुछ विधायकों पर है। कांग्रेस के 10 विधायक अलग होकर अपना अलग गुट बना सकते हैं। सरकार गठन को लेकर बीजेपी नीतीश कुमार से अपनी शर्तों पर समझौता करेगी। बीजेपी के मौजूदा सहयोगियों का भी ख्याल रखा जाएगा। पशुपति पारस, चिराग पासवान, उपेन्द्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी को सम्मानजनक स्थान मिलेगा।
इसके अलावा बीजेपी की नजर लव-कुश वोटों पर भी है। कहा जा रहा है कि अगर नीतीश और कुशवाहा साथ रहेंगे तो चुनाव में बड़ा फायदा होगा। साल 2025 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन को भारी फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है। बिहार में फिलहाल कांग्रेस के 19 विधायक है। लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव का कहना है कि नीतीश कुमार को इतनी आसानी से सरकार बनाने नहीं देंगे।